बालाघाट। नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत मध्य प्रदेश पुलिस को बालाघाट में अब तक की सबसे बड़ी सफलता मिली है। हॉकफोर्स ने बुधवार को गढ़ी थाना के सूपखार वनक्षेत्र के रौंदा फॉरेस्ट कैंप के पास मुठभेड़ में 14 लाख की इनामी नक्सली कमांडर आशा समेत चार महिला नक्सलियों को ढेर कर दिया। चारों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
मुठभेड़ स्थल से दैनिक उपयोग की सामग्री सहित नक्सली साहित्य भी मिले
सभी कान्हा भोरमदेव कमेटी की सदस्य थीं। अन्य दो नक्सलियों की पहचान प्रमिला और करिश्मा के रूप में हुई है, चौथी की पहचान की जा रही है। उनके पास से एक इंसास राइफल, एक एसएलआर, एक 303 राइफल बरामद की गई हैं। मुठभेड़ स्थल से दैनिक उपयोग की सामग्री सहित नक्सली साहित्य भी मिले हैं।
110 से अधिक राउंड फायरिंग हुई
पुलिस को इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बधाई दी है। उन्होंने कहा कि 2026 तक देश से नक्सलवाद खत्म करना है। अधिकारियों का कहना है कि बुधवार दोपहर से देर शाम तक दोनों ओर से 110 से अधिक राउंड फायरिंग हुई।
पहली बार एक साथ चार नक्सलियों को मार गिराया
मुठभेड़ में अन्य नक्सलियों के घायल होने की आशंका है। 500 से ज्यादा जवानों की टीम घने जंगल में घायल नक्सलियों की खोजबीन कर रही है। बता दें कि साढ़े तीन दशकों के नक्सलवाद के इतिहास में बालाघाट में पुलिस ने पहली बार एक साथ चार नक्सलियों को मार गिराया है।
नक्सलियों ने घात लगाकर फायरिंग शुरू कर दी
जानकारी के अनुसार, सूपखार वन परिक्षेत्र में जवान सर्चिंग पर थे, तभी रौंदा फॉरेस्ट कैंप के समीप नक्सलियों ने घात लगाकर फायरिंग शुरू कर दी। सर्चिंग पार्टी ने भी जवाबी फायरिंग की। पुलिस व नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की जानकारी मिलते पुलिस के आला-अधिकारी भी घटना स्थल पहुंच गए हैं।
अप्रैल 2023 में दो महिला नक्सली हुई थीं ढेर
बालाघाट में इसके पहले अप्रैल 2023 में पुलिस ने गढ़ी थाना क्षेत्र के ही कदला के जंगल में हुई मुठभेड़ में 14-14 लाख की दो इनामी महिला नक्सलियों सुनीता और सरिता को ढेर किया था। वे दोनों विस्तार दलम की सक्रिय सदस्य थीं और छत्तीसगढ़ के सुकमा की रहने वाली थीं। अप्रैल 2024 में भी पुलिस ने 29 लाख और 14 लाख के दो इनामी नक्सलियों को मार गिराया था।
सुकमा में पुलिस पर हमले की साजिश नाकाम, एक नक्सली गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के थाना कोंटा क्षेत्र में हमले की साजिश नाकाम करते पुलिस ने बुधवार को नक्सली मुचाकी देवा को गिरफ्तार किया। उसके पास से चार जिलेटिन राड, इलेक्टि्रक डेटोनेटर आदि बरामद किए गए। बताया जा रहा है कि उसने अन्य नक्सलियों के साथ मिलकर सात फरवरी को बेलपोच्चा पुलिया के पास आइईडी बम रखा था, जिसे सुरक्षाबलों ने निष्कि्रय किया था। बता दें कि इस वर्ष राज्य में अब तक 85 से अधिक नक्सली मारे गए हैं।
नक्सलियों ने शिक्षा दूत सहित दो की हत्या की
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के ग्राम कोशलनार प्राथमिक शाला में कार्यरत एक शिक्षा दूत और एक ग्रामीण की मुखबिरी के आरोप में नक्सलियों ने हत्या कर दी। बुधवार देर रात हुई इस वारदात के संबंध में पुलिस ने इनकार किया है। वहीं, सूत्रों ने बताया कि शिक्षा दूत और ग्रामीण एक ही गांव के हैं। शिक्षा दूत युवक जिन्हें अंदरूनी गांव में स्कूल संचालन की जिम्मेदारी प्रशासन ने दी है।
ग्रामीण पर पुलिस के लिए मुखबिरी करने का आरोप लगाया
सूत्रों के अनुसार नक्सलियों ने शिक्षा दूत और एक ग्रामीण पर पुलिस के लिए मुखबिरी करने का आरोप लगाया और दोनों की हत्या कर दी। कोशलनार अंदरूनी क्षेत्र का गांव है। यहां पहुंचने के लिए इंद्रावती नदी पार करना पड़ता है। बारसूर थाना से इस संबंध में संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन नेटवर्क समस्या के कारण जानकारी नहीं मिल पाई है।