इंदौर में बॉयफ्रेंड ने अपने से 17 साल बड़ी ब्यूटी पार्लर संचालिका की हत्या की

Author Picture
By MPSAMACHAR Published On: July 8, 2020
gwalior breaking

इंदौर। अपने से 17 साल बड़ी महिला से संबंध रखने वाले शख्स ने मंगलवार रात करीब 8.30 बजे महिला की हत्या कर दी। यह घटना मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित सैटेलाइट ग्रीन टाउनशिप की है। महिला एक ब्यूटी पार्लर संचालिका है। प्रेमी ने दरांते से गला रेतकर महिला की हत्या की। आरोपित को शक था कि महिला के किसी अन्य पुरुष से संबंध हैं। पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है। 

लसूड़िया थाना प्रभारी इंद्रमणि पटेल ने बताया कि सैटेलाइट ग्रीन टाउनशिप में रहने वाली 45 वर्षीय उषा राठौर के 28 वर्षीय रोहित से संबंध थे। महिला के कारण रोहित चार साल से अपने परिवार से अलग रह रहा था। महिला का 10 साल पहले पति से तलाक हो गया था। महिला के दो बेटे 28 वर्षीय राहुल और 20 वर्षीय रोहन हैं।

महिला बड़े बेटे की शादी के बाद से घर के पास ब्यूटी पार्लर चलाती थी। इसी दौरान महिला का परिचय रोहित नाम के शख्स से हो गया। दोनों के बीच बातचीत होने लगी और फिर प्रेम हो गया। चार साल से दोनों के बीच संबंध था। कुछ दिन से रोहित परेशान था। उसे शक था कि उषा उसे धोखा दे रही है।

मंगलवार शाम रोहित शराब पीकर आया और ब्यूटी पार्लर में घुसकर दरांते से उसका गला रेत दिया। महिला की चीख सुनकर मौके पर भीड़ जमा हो गई। भीड़ से किसी ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुँच कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।