विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कांग्रेस की सरकार ने हर वर्ग को धोखा दिया

Author Picture
By Sharma Published On: September 9, 2020
congress

भोपाल। मुख्यमंत्री कमलनाथ सिर्फ छिदवाड़ा के लिए काम करते थे। कमलनाथ जी को सिर्फ छिदवाड़ा की वोटों की चिंता रही और यही कारण है कि उन्होंने बहुत बड़े बजट के निर्माण कार्य केवल छिदवाड़ा के लिए स्वीकृत किए। उन्हें प्रदेश के अन्य जिलों की चिन्ता नहीं थी और न उन्होंने प्रदेश के विकास में रुचि ली। कमलनाथ पन्ना के लिए स्वीकृत एग्रीकल्चर कालेज को भी छिदवाड़ा ले गये थे, जिसे फिर से पन्ना वापस लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। यह बात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने मंगलवार को पन्ना में मीडिया से बातचीत के दौरान कही। शर्मा शाहनगर, पवई, अमानगंज होते हुए मंगलवार सुबह पन्ना पहुंचे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कमलनाथ नाममात्र के मुख्यमंत्री थे। कांग्रेस की उस सरकार को पर्दे के पीछे से दिग्विजय सिंह चलाते रहे। कांग्रेस की सरकार ने हर वर्ग को धोखा दिया। किसानों की ऋणमाफी नहीं हुई। यही वजह है कि प्रदेश की जनता आज भी कांग्रेस से नाराज है। शर्मा ने कहा कि हम आने वाला उपचुनाव विकास के मुद्दे पर लड़ेंगे और 15 महीनों में कांग्रेस ने जो भ्रष्टाचार किया है, उसे जनता के बीच में रखेंगे। हमारी विजय सुनिश्चित है। हम सभी 27 सीटें जीतेंगे और मप्र को एक स्थायी सरकार देंगे।