30.1 C
Bhopal
Friday, September 20, 2024

दिग्गी बोले- व्यापमं की जांच हो तो जेल जाएंगे शिवराज

Must read

भोपाल। एमपी विधानसभा चुनावों से पहले आरोप-प्रत्यारोप तेज हुए हैं। कांग्रेस ने कमजोर सीटों की जिम्मेदारी पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को सौंपी है। वे उन सीटों को टारगेट कर रहे हैं जहां पार्टी लगातार हार रही है। दिग्विजय सिंह ने सोमवार को राजगढ़ में कार्यकर्ताओं की बैठक की। फिर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर भ्रष्ट सरकार चलाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में 80 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार चल रही है। सही से जांच कराई जाए तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी जेल जाना होगा।

 

दिग्गी ने सोमवार को अजा वर्ग के लिए आरक्षित सारंगपुर विधानसभा में कार्यकर्ता सम्मेलन किया। उन्होंने बूथ, मंडलम और प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं की बैठक ली। दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनते ही कमलनाथजी के वचन अनुसार सारंगपुर विधानसभा को हर एक सुविधा दी जाएगी। राजगढ़ जिले में कांग्रेस ने पिछले चुनाव में शानदार प्रदर्शन किया था। पांच में से तीन सीटें जीती थी। इसके बावजूद सारंगपुर और नरसिंहगढ़ में कांग्रेस की हार हुई थी। कार्यकर्ताओं से दिग्विजय बोले कि विधानसभा चुनाव के लिए सभी तैयार हो जाएं। ताकत के साथ काम पर जुट जाइए।

 

 

कांग्रेस ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 150 से ज्यादा सीटें जीतेगी। हमारी जीत का आधार केवल पोलिंग बूथ है। हम लोग जब तक इमानदारी से पोलिंग बूथ एजेंट, सेक्टर की समितियां, मंडलम की समितियां गठन नहीं कर लेते और हर मतदाता तक नहीं पहुंचते, जब तक जीत नहीं पाएंगे। मंडलम सेक्टर और बीएलओ हर मतदाता तक अपनी पहुंच बनाएं। लोगों को बताएं कि कमलनाथजी की अल्प समय की सरकार में किस तरह किसानों का कर्जा माफ हुआ। कांग्रेस पार्टी क्या-क्या योजनाएं लेकर चुनाव लड़ रही है, यह सब बताने का काम आप लोगों का है। दिग्विजय ने यह भी दावा किया जब जिले में आया तो जगह-जगह कांग्रेस के उम्मीदवार स्वागत करने के लिए खड़े थे। इसलिए देर हो गई। इससे यह पता चलता है कि इस बार कांग्रेस के पक्ष में माहौल है।

 

दिग्विजय ने बड़ा आरोप लगाया कि पटवारी गिरदावर तक नामांतरण बंटवारे का काम बिना पैसे लिए नहीं कर रहे हैं। प्रदेश में 80 फीसद कमीशन वाली सरकार है। महाकाल लोक मामले में भी 80 प्रतिशत तक कमीशन खा गए। कमलनाथजी ने 300 करोड़ रुपये स्वीकृत किए थे। इन्होने गुजरात के ठेकेदार को ठेका दे दिया जो मूर्तियां पत्थर की लगनी थी वह फाइबर की लगा दी। 300 करोड़ में से 240 करोड़ रुपये खा गए।

 

मीडिया से बातचीत में दिग्विजय सिंह ने कहा कि 20 साल में कांग्रेस ने साल 1993 से 2003 तक सुविधाएं दी, वह शिवराज जी ने वापस ले ली। हमने पंचायती राज दिया, बिजली परियोजनाएं बनाई, बेरोजगारी भत्ता दिया सब खत्म हो गया। उस समय 28 प्रतिशत राशि हमें केंद्र से मिलती थी। मनमोहन सिंह सरकार आई तो 42 प्रतिशत कर दिया। पूरे समय भाजपा ने भ्रष्टाचार को नया स्वरूप दे दिया। हर चीज में कमीशन है। हर चीज में व्यवसाय बना लिया। भृष्टाचार में सरकार डूबी हुई है। डंपर कांड से लेकर व्यापमं कांड तक हुआ। कांग्रेस के समय में हमने सारंगपुर में शिक्षाकर्मी के तौर पर, आंगनवाड़ी में सेंकड़ों नौकरियां दी। भाजपा में बिना पैसे दिए एक भी नौकरी नहीं मिली। उनके मंत्री को जेल जाना पड़ा। सही जांच हो तो शिवराजसिंह चौहान को भी जेल जाना पड़ेगा।

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest News

error: Content is protected !!