MP में मानसून की दस्तक, इन जिलें में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

Author Picture
By Sharma Published On: June 26, 2023

भोपाल। मानसून ने मध्यप्रदेश में प्रवेश के कुछ ही घंटों में पूरे प्रदेश को अपने आगोश में ले लिया है। रविवार को पूरे प्रदेश में मानसून छा गया है। इसके साथ ही राजधानी सहित कई शहरों में झमाझम वर्षा का दौर भी शुरू हो गया है। सोमवार से प्रदेश के अधिकतर जिलों में गरज-चमक के साथ झमाझम वर्षा का सिलसिला शुरू होने की संभावना है। रविवार को जबलपुर, ग्वालियर, उमरिया, भिंड, गुना, खजुराहो, रायसेन, शिवपुरी, मंडला और सागर समेत कई जिलों में बारिश हुई है। सोमवार को छिंदवाड़ा और सिवनी में अति भारी बारिश होने की संभावना है।

 

मौसम केंद्र की रिपोर्ट कह रही कि बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के रीवा, इंदौर व उज्जैन संभाग के जिलों में अधिकांश स्थानों पर, भोपाल, चंबल व शहडोल संभागों के जिलों में अनेक स्थानों पर, ग्वालियर व सागर संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर, जबलपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बारिश हुई। चुरहट में 10, माडा, बीना, भिंड में 7, मेहगांव, चौरई में 6, मनगवां, रानापुर में 5 सेमी तक पानी गिरा है।

 

अगले 24 घंटों के लिए मौसम विभाग का पूर्वानुमान कहता है कि सागर, नर्मदापुरम, शहडोल, रीवा, भोपाल, उज्जैन, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर व चंबल संभागों के जिलों में अनेक स्थानों पर वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी। विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट बता रहा है कि छिंदवाड़ा, सिवनी जिलों में अतिभारी बारिश हो सकती है। यहां 200 मिलीमीटर तक बारिश की आशंका है। वहीं यलो अलर्ट के मुताबिक बालाघाट, डिंडौरी, अनूपपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, अशोकनगर, ग्वालियर, दतिया व सिवनी जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक की संभावना है।