मौसम विभाग ने इंदौर समेत इन जिलों के लिए जारी किया ये अलर्ट

भोपाल: प्रदेश के तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। इसके चलते कहीं तापमान कम हुआ है तो कहीं इसमें वृद्धि हुई है। प्रदेश की राजधानी में रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे आकर 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम रहा।

वहीं दिन में तीखी धूप की वजह से सोमवार को अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री की वृद्धि हुई और यह 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि नवंबर में यह दूसरी बार है, जब राजधानी में रात के तापमान का ग्राफ नीचे उतरा है। इसके पहले छह नवंबर को तापमान में गिरावट हुई थी।

मौसम विज्ञानी पीके शाह ने बताया कि प्रदेश को प्रभावित करे, अभी ऐसा कोई सिस्टम नहीं है। इस वजह से मौसम में बदलाव नहीं हो रहे हैं। हवाएं जरूर उत्तर और उत्तर पूर्वी चल रही हैं, लेकिन उत्तर भारत में बर्फबारी नहीं होने से प्रदेश का तापमान कम नहीं हो रहा है।

प्रदेश में सोमवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान निवाड़ी के पृथ्वीपुर में 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पचमढ़ी में 10.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इसी तरह सागर, ग्वालियर, शहडोल संभाग के जिलों में तापमान सामान्य से अधिक रहे। अगले 24 घंटों में प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा।

लेटेस्ट न्यूज़
- Advertisment -

धार्मिक

error: Content is protected !!