Saturday, April 19, 2025

तेंदुए के हमले से दहशत, 5 लोगों पर हमला, 3 की हालत गंभीर

रीवा। रीवा जिले के त्योंथर में तेंदुए के हमले से हड़कंप मच गया। खेत पर गए एक किशोर पर तेंदुए ने जानलेवा हमला किया। इस दौरान पास खड़े अन्य लोगों ने किशोर को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेंदुए ने उन पर भी हमला कर दिया। एक-एक कर तेंदुए ने कुल पांच लोगों को घायल कर दिया। इसके बाद वह झाड़ियों में छिप गया। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर वन विभाग और पुलिस की टीम पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया। तेंदुए को पकड़ने के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया गया।

तेंदुए का हमला पांच घायल, दो की हालत गंभीर
यह घटना रीवा जिले के त्योंथर के पास स्थित खातिलवार गांव के एमपी-यूपी बॉर्डर के पास हुई। शुक्रवार दोपहर, खातिलवार गांव का एक किशोर खेत के पास गया था, तभी झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया। किशोर को बचाने के लिए पास खड़े ग्रामीण दौड़े, लेकिन तेंदुए ने उन्हें भी घायल कर दिया। इस हमले में किशोर समेत पांच लोग घायल हुए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

एमपी-यूपी पुलिस और फॉरेस्ट टीम सक्रिय
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। एमपी और यूपी पुलिस के साथ वन विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। हमले के बाद तेंदुआ घनी झाड़ियों में छिप गया, जिससे उसे ढूंढने में टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। अब पुलिस ड्रोन कैमरे की मदद से तेंदुए की तलाश कर रही है।

घायलों का इलाज जारी
हमले में घायल तीन लोग मध्य प्रदेश के जनेंह थाना क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि दो अन्य उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। गंभीर रूप से घायल लोगों को इलाज के लिए प्रयागराज भेजा गया है।

पुलिस अधीक्षक का बयान
रीवा पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एमपी-यूपी बॉर्डर पर खातिलवार गांव में तेंदुए द्वारा लोगों पर हमला किए जाने की सूचना मिली। एमपी और यूपी पुलिस के साथ दोनों राज्यों के वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू कर दिया। ड्रोन कैमरे और अन्य संसाधनों की मदद से तेंदुए को पकड़ने का प्रयास जारी है। जल्द ही तेंदुए को पकड़कर सुरक्षित रूप से रहवासी क्षेत्र से दूर ले जाया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!