Saturday, April 19, 2025

कल इंदौर आएंगे राजनाथ सिंह, आर्मी संस्थानों का दौरा करेंगे

इंदौर। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दो दिवसीय दौरे पर मध्य प्रदेश आ रहे हैं। वह कल इंदौर आएंगे और फिर महू जाएंगे। रक्षा मंत्री के साथ चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान और चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी भी मौजूद रहेंगे। वह 29 और 30 दिसंबर को महू शहर के आर्मी संस्थानों का दौरा करेंगे। महू में डॉ. भीमराव आंबेडकर जन्मभूमि स्मारक भी जाएंगे। इसके बाद वे सेना के सभी संस्थानों का दौरा करेंगे और वहां आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगे। रक्षा मंत्री महू में रात्रि विश्राम करेंगे और अगले दिन उज्जैन के लिए रवाना होंगे। इस दौरे को लेकर आर्मी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

शाम को वे देश के पहले इन्फेंट्री म्यूजियम का दौरा करेंगे।
29 दिसंबर को दोपहर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह विमान से इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से हेलिकॉप्टर के जरिए महू जाएंगे और आर्मी वार कॉलेज में बने हेलीपैड पर उतरेंगे। दोपहर करीब 12:40 बजे वे डॉ. भीमराव आंबेडकर जन्मभूमि स्मारक पहुंचेंगे, जहां वे डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद अस्थि कलश के दर्शन कर स्मारक का भ्रमण करेंगे। स्मारक में लगभग 15 मिनट रुकने के बाद वे 12:55 पर आर्मी वार कॉलेज के लिए रवाना होंगे। इसके बाद रक्षा मंत्री मिलिट्री कॉलेज ऑफ टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग यूनिट का दौरा करेंगे। शाम को वे देश के पहले इन्फेंट्री म्यूजियम का दौरा करेंगे। इसके बाद शूटिंग और अन्य खेलों के लिए विशेष रूप से तैयार की गई आर्मी मार्क्समैनशिप यूनिट भी जाएंगे। महू में रात्रि विश्राम के बाद वे अगले दिन उज्जैन जाएंगे। उज्जैन से इंदौर लौटकर रक्षा मंत्री दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

जानकारी के अनुसार महू में मिलिट्री हेडक्वार्टर की तीन प्रमुख संस्थाएं हैं- स्टेशन हेडक्वार्टर, आर्मी वार कॉलेज और मिलिट्री कॉलेज ऑफ टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग। इनके साथ ही इंफेंट्री स्कूल भी है। इन संस्थानों में कई तरह के कोर्स संचालित किए जाते हैं। बताया जा रहा है कि रक्षा मंत्री इन जगहों का भी दौरा कर सकते हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!