भोपाल। मध्य प्रदेश में बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुरेंद्र नाथ सिंह के निधन की खबर आई है। पूर्व विधायक और भोपाल में बीजेपी के जिलाध्यक्ष रहे सुरेंद्र नाथ सिंह का निधन हो गया। वह कुछ दिनों से बीमार थे और भोपाल में उन्हें ‘मम्मा’ के नाम से जाना जाता था। सुरेंद्र नाथ सिंह ने बीजेपी में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं और उन्हें एक फायरब्रांड हिंदू नेता माना जाता था। वह भोपाल और आसपास के जिलों में सक्रिय थे, लेकिन पिछले कुछ दिनों से उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा था, जिसके कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती भी कराया गया था। स्वास्थ्य के कारण ही उन्होंने पिछला चुनाव नहीं लड़ा था।
भोपाल मध्य से विधायक रह चुके थे
सुरेंद्र नाथ सिंह (मम्मा) भोपाल मध्य विधानसभा से विधायक भी रह चुके थे। वह बीजेपी के वरिष्ठ नेता थे और पार्टी के जिला अध्यक्ष तथा बीडीए के अध्यक्ष भी रह चुके थे। उनके परिवार ने बताया कि हाल ही में उनकी हार्ट सर्जरी हुई थी, लेकिन स्वास्थ्य में ज्यादा सुधार नहीं आया था। वह भोपाल के एक अस्पताल में भर्ती थे।
सुरेंद्र नाथ सिंह के निधन पर बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा सहित कई नेताओं ने उनके निधन पर दुख जताया है। वीडी शर्मा ने ट्वीट किया, “भोपाल नगर के पूर्व बीजेपी जिलाध्यक्ष, पूर्व विधायक और बीडीए के पूर्व अध्यक्ष श्री सुरेंद्रनाथ सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें और शोकग्रस्त परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”
2013 में बने थे विधायक
सुरेंद्र नाथ सिंह को बीजेपी ने 2013 के विधानसभा चुनाव में भोपाल मध्य सीट से उम्मीदवार बनाया था, जहां उन्होंने जीत हासिल की थी। हालांकि, 2018 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा और 2023 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने उन्हें टिकट नहीं दिया था। वह भोपाल की राजनीति में सक्रिय रहे और 2007 से 2014 तक भोपाल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष भी रहे थे।
सुरेंद्र नाथ सिंह अपने बयानों के कारण भी चर्चा में रहते थे। उनका निधन सोमवार की सुबह चार बजे हुआ। उनका अंतिम संस्कार भोपाल में ही किया जाएगा।