उज्जैन में सावन के दौरान मशहूर गायक बी प्राक बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए और भगवान शिव के दर्शन किए। मंदिर समिति की ओर से उप प्रशासक एसएन सोनी ने उनका स्वागत किया। दर्शन के बाद बी प्राक ने महाकाल की नगरी में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना की और सावन में बाबा के दरबार आना अपने लिए सौभाग्य बताया।
नए भजन और ‘महाकाल-2’ का ऐलान
बी प्राक ने बताया कि महादेव पर उनका एक नया भजन जल्द रिलीज होगा। साथ ही उन्होंने अपने लोकप्रिय भजन ‘महाकाल’ के अगले भाग ‘महाकाल-2’ के बारे में भी जानकारी दी, जिसके जल्द ही दर्शकों के सामने आने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि महादेव की कृपा से उन्हें लोगों का प्यार मिल रहा है और वे भगवान शिव से जुड़े गीतों पर काम करते रहेंगे।
उज्जैन में बी प्राक की प्रस्तुति
बी प्राक ने उज्जैन में ‘शिवतत्व-श्रावण कला उत्सव’ में भी प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि महाकाल की नगरी में परफॉर्म करना उनका लंबे समय से सपना था और यह उनके लिए एक अनोखा अनुभव है। इस कार्यक्रम में बी प्राक और उनके साथी कलाकारों ने भगवान शिव से जुड़े भजन और भक्तिमय प्रस्तुतियां दीं, जिसे श्रद्धालुओं ने काफी सराहा।