स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक अनोखी तस्वीर सामने आई है। चंदला विधानसभा क्षेत्र के बसराही गांव में स्कूली बच्चों ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार का काफिला रोक दिया। छात्रों ने स्कूल तक जाने वाली जर्जर सड़क और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर मंत्री के सामने अपनी पीड़ा रखी।
सड़क और बिजली की समस्या से जूझ रहे छात्र
बच्चों ने मंत्री को बताया कि स्कूल पहुंचने का रास्ता बेहद खराब है, जिससे उन्हें हर दिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा, उन्होंने स्कूल में बिजली की व्यवस्था दुरुस्त करने की भी मांग की। मौके पर मौजूद मंत्री दिलीप अहिरवार ने बच्चों की बात गंभीरता से सुनी और जल्द ही समाधान का आश्वासन दिया।
मंत्री ने दिया जल्द समाधान का भरोसा
इस मामले पर मंत्री दिलीप अहिरवार ने बताया कि सड़क निर्माण में निजी जमीन के कारण बाधा आ रही थी, जिसे सुलझा लिया गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सड़क निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने स्पष्ट किया कि बच्चों की मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।