मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड ने भोपाल में वक्फ की बेशकीमती जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में शाहिद अलीम और उनके साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, साथ ही 28.91 करोड़ रुपये की रिकवरी के लिए आरआइसी (RRC) जारी की गई है।
उम्मीद पोर्टल से उजागर हुआ घोटाला
केंद्र सरकार के ‘उम्मीद पोर्टल’ पर वक्फ संपत्तियों की जांच के दौरान इस गड़बड़ी का खुलासा हुआ। आरोप है कि दारुल शफकत सोसाइटी के संचालकों ने 2.7 एकड़ की वक्फ संपत्ति पर अनाधिकृत रूप से ‘इज्तेमा बाजार’ चलाकर पिछले 20 वर्षों से करोड़ों रुपये की कमाई की और इसका कोई हिसाब नहीं दिया।
राजस्व का होगा जनहित में उपयोग
वक्फ बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस संपत्ति से हुई अवैध कमाई से खरीदी गई अन्य संपत्तियों पर भी बोर्ड का ही मालिकाना हक होगा। जिला प्रशासन की मदद से वसूली गई राशि का उपयोग अब यतीम बच्चों की शिक्षा और उनके कल्याणकारी कार्यों में किया जाएगा।