मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बालाघाट के सुदूर नक्सल प्रभावित बोंदारी और कोरका गांवों का दौरा किया। इन गांवों में पहुंचने वाले वे पहले मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के 100 गांवों के कायाकल्प के लिए 225 करोड़ रुपये की सौगात दी है।
विकास और रोजगार पर सरकार का विशेष फोकस
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य अब ‘सुरक्षा के साथ विकास’ सुनिश्चित करना है। इस पहल के तहत सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा, साथ ही स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए एमएसएमई और कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा।
बैगा जनजाति और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती
सरकार की इस योजना में बैगा समाज के उत्थान को प्राथमिकता दी गई है, ताकि उन्हें हर सरकारी सुविधा का लाभ मिल सके। इसके अलावा, डेयरी, मत्स्य पालन और पर्यटन के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति दी जाएगी, जिससे ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि हो सके।