ग्वालियर: बदहाल सड़कों के विरोध में युवक ने अपनाया अनोखा तरीका, पोस्टर की माला पहनकर पहुंचा निगम

Author Picture
By Partho Banarjee Published On: September 8, 2026

ग्वालियर नगर निगम की जनसुनवाई में एक युवक का विरोध प्रदर्शन चर्चा का विषय बन गया। विजय माहौर नामक युवक शहर की बदहाल सड़कों, गंदगी और उफनते सीवर की तस्वीरों वाले पोस्टर की माला पहनकर अधिकारियों के सामने अपनी पीड़ा लेकर पहुंचा।

लगातार शिकायतों के बाद भी नहीं हुआ सुधार

विजय का आरोप है कि वह लंबे समय से ग्वालियर दक्षिण विधानसभा की जर्जर सड़कों और गंदगी को लेकर नगर निगम में आवेदन दे चुका है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला है। पूर्व कमिश्नर से मुलाकात के बाद भी स्थिति जस की तस बनी रहने के कारण उसे विरोध का यह अनोखा रास्ता चुनना पड़ा।

अधिकारियों का वही पुराना आश्वासन

युवक की शिकायत पर अपर आयुक्त प्रदीप तोमर ने जल्द ही सड़कों के गड्ढे भरने और समस्याओं के निराकरण का दावा किया है। हालांकि, शहरवासी अब भी यह देखने का इंतजार कर रहे हैं कि प्रशासन के इन दावों पर कब अमल होगा।