Assembly By-Elections: देश के चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर आज यानी गुरुवार 19 जून को उपचुनाव हो रहे हैं। सुबह 7 बजे से ही मतदान शुरू हो गया है और लोग मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे हैं। ये सीटें हैं — केरल की नीलांबूर, पंजाब की लुधियाना वेस्ट, पश्चिम बंगाल की कालिगंज और गुजरात की दो सीटें विसवदर व कड़ी। हालांकि ये उपचुनाव किसी राज्य की सत्ता में बदलाव नहीं लाएंगे लेकिन ये बेहद अहम हैं क्योंकि इनसे यह तय होगा कि जनता आने वाले चुनावों को लेकर किसे पसंद कर रही है और क्षेत्रीय नेतृत्व की स्थिति क्या है।
नीलांबूर और कालिगंज में प्रतिष्ठा की लड़ाई
केरल के नीलांबूर में उपचुनाव इसलिए हो रहा है क्योंकि यहां के निर्दलीय विधायक पीवी अनवर ने एलडीएफ का साथ छोड़ दिया था। अब यह सीट सत्तारूढ़ वामपंथी गठबंधन एलडीएफ और कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गई है। कांग्रेस ने यहां पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष आर्यादन शौकत को उम्मीदवार बनाया है जो पार्टी के वरिष्ठ नेता आर्यादन मोहम्मद के बेटे हैं। वहीं सीपीआई (एम) ने अपने राज्य सचिवालय सदस्य एम. स्वराज को मैदान में उतारा है। एनडीए की ओर से मोहान जॉर्ज चुनाव लड़ रहे हैं जो पेशे से वकील हैं। दूसरी ओर, पश्चिम बंगाल के कालिगंज में तृणमूल कांग्रेस, बीजेपी और कांग्रेस-वाम गठबंधन के बीच त्रिकोणीय मुकाबला बनता दिख रहा है। यह चुनाव तृणमूल के विधायक नसीरुद्दीन अहमद की मृत्यु के बाद हो रहा है। यहां से उनकी बेटी अलीफा अहमद मैदान में हैं जो बीटेक पास और कॉरपोरेट प्रोफेशनल हैं। बीजेपी से आशिष घोष तो कांग्रेस से काबिल उद्दीन शेख लड़ रहे हैं।
#WATCH | Gujarat | Voters in large numbers vote in the Visavadar assembly by-poll, Junagarh district pic.twitter.com/z0wD0Ex1wL
— ANI (@ANI) June 19, 2025
लुधियाना वेस्ट में 14 उम्मीदवारों की भिड़ंत
पंजाब की लुधियाना वेस्ट सीट आम आदमी पार्टी के विधायक गुरप्रीत बसी गोगी के निधन के बाद खाली हुई थी। यहां कुल 14 उम्मीदवार मैदान में हैं और 1.74 लाख वोटर उनका भाग्य तय करेंगे। आम आदमी पार्टी ने यहां से राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को टिकट दिया है जो एक इंडस्ट्रियलिस्ट और सामाजिक कार्यकर्ता हैं। कांग्रेस ने पूर्व मंत्री और दो बार विधायक रह चुके भारत भूषण आशु को मैदान में उतारा है। आशु को 2022 में गोगी से हार मिली थी। बीजेपी ने वरिष्ठ नेता जीवन गुप्ता को टिकट दिया है जो पार्टी की कोर कमेटी के सदस्य रह चुके हैं। शिरोमणि अकाली दल ने परोपकार सिंह घुमन को उम्मीदवार बनाया है जो वकील हैं और लुधियाना बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
गुजरात में भी कांटे की टक्कर
गुजरात की विसवदर और कड़ी सीट पर बीजेपी, कांग्रेस और आप के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल रहा है। विसवदर सीट आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक भूपेंद्र भायानी के बीजेपी में शामिल होने के बाद खाली हुई थी। यहां बीजेपी से किरीट पटेल, कांग्रेस से नितिन रानपरिया और आप से गोपाल इटालिया मैदान में हैं जो गुजरात आप के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वहीं कड़ी सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है और बीजेपी विधायक कर्सन सोलंकी के निधन से खाली हुई है। यहां बीजेपी ने राजेंद्र चावड़ा को टिकट दिया है जबकि कांग्रेस से पूर्व विधायक रमेश चावड़ा और आम आदमी पार्टी से जगदीश चावड़ा मैदान में हैं। मतदान को लेकर खास इंतजाम किए गए हैं और सभी सीटों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) से वोटिंग हो रही है। गुजरात सरकार ने दोनों सीटों पर मतदान वाले दिन सार्वजनिक अवकाश की घोषणा भी की है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग वोट डालने पहुंचें।


