Indore Case: अब तक इंदौर के बिजनेसमैन राजा रघुवंशी की मेघालय में हुई हत्या को एक लव ट्रायंगल से जोड़कर देखा जा रहा था। लेकिन अब कहानी में नया मोड़ आ गया है। अब संदेह की सुई सोनम रघुवंशी के भाई गोविंद रघुवंशी की तरफ भी घूमने लगी है। इंदौर क्राइम ब्रांच ने अचानक गोविंद को पूछताछ के लिए बुलाया। सूत्रों की मानें तो यह पूरा मामला हवाला कारोबार से जुड़ा हुआ हो सकता है। यानी यह सिर्फ प्रेम प्रसंग नहीं बल्कि एक बड़ा आर्थिक अपराध भी बनता नजर आ रहा है।
पुलिस को सोनम रघुवंशी के प्रेमी राज कुशवाहा के मोबाइल से कुछ ऐसी तस्वीरें मिली हैं जिनमें पुराने और फटे हुए दस रुपये के नोट दिखाई दे रहे हैं। ये नोट हवाला लेन-देन के लिए कोडवर्ड की तरह इस्तेमाल किए जा रहे थे। पूछताछ में राज ने कबूल किया कि वह हवाला कारोबार में सोनम और उसके भाई गोविंद रघुवंशी के साथ शामिल था। इन नोटों की तस्वीरें सिर्फ हवाला से जुड़ी पुष्टि नहीं करतीं बल्कि पुलिस की जांच को आर्थिक अपराध की गहराइयों तक ले जाती हैं।

सूत्रों की मानें तो सोनम और गोविंद ने अपने रिश्तेदार जितेंद्र रघुवंशी के बैंक खातों के जरिए मोटे पैमाने पर लेन-देन किए थे। कुछ खातों में 14 लाख रुपये तक की रकम के जमा और निकासी के सबूत मिले हैं। इंदौर क्राइम ब्रांच ने हवाला से जुड़े दस्तावेज, डिजिटल डेटा और कैश ट्रांजैक्शन की डिटेल्स प्रवर्तन निदेशालय (ED) को सौंप दी हैं। अब ED इस मामले को मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से भी खंगालने की तैयारी में है। इसी कड़ी में गोविंद को फिर से पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
गोविंद रघुवंशी का प्लाईवुड और लैमिनेशन का बिजनेस ‘श्री बालाजी एक्टोरियो‘ अब पुलिस की जांच के घेरे में आ गया है। माना जा रहा है कि यह कारोबार हवाला का मुखौटा हो सकता है। पुलिस ने गोविंद के ऑफिस और गोदाम की तलाशी ली, जहां से कुछ संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए हैं। इसके साथ ही गोविंद के कर्मचारियों से भी पूछताछ शुरू हो चुकी है ताकि हवाला नेटवर्क में उनकी भूमिका स्पष्ट हो सके। गोविंद ने भले ही सार्वजनिक रूप से सोनम से रिश्ते तोड़ने का ऐलान किया हो, लेकिन पुलिस अब उसकी हर गतिविधि पर नजर रखे हुए है।


