PM Modi अगले दो दिनों में बिहार, ओडिशा और आंध्र प्रदेश का दौरा करने वाले हैं। इस दौरान वो अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे और कई बड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। बिहार के सीवान और ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में वो विशाल जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे। खास बात यह है कि ओडिशा में भाजपा सरकार के एक साल पूरे होने के मौके पर राज्य स्तरीय समारोह की अध्यक्षता भी पीएम मोदी करेंगे। वहीं आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में वो अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर समुद्र तट पर योग कार्यक्रम की अगुवाई करेंगे जिसमें लाखों लोग शामिल होंगे।
बिहार में रेल परियोजनाएं और ‘मेक इन इंडिया’ की बड़ी उड़ान
सीवान में प्रधानमंत्री मोदी नई वैशाली-देवरिया रेल लाइन परियोजना का उद्घाटन करेंगे जिसकी लागत 400 करोड़ रुपये से ज्यादा है। इसी रूट पर वंदे भारत ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई जाएगी जो पाटलिपुत्र से गोरखपुर के बीच मुजफ्फरपुर और बेतिया होते हुए चलेगी। इसके साथ ही सारण जिले के मढ़ौरा स्थित रेल इंजन फैक्ट्री में बने पहले आधुनिक रेल इंजन को प्रधानमंत्री निर्यात के लिए रवाना करेंगे। यह इंजन ‘मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड’ विज़न के तहत गिनी देश को भेजा जाएगा। इस इंजन में आधुनिक एसी प्रणोदन प्रणाली, माइक्रोप्रोसेसर आधारित नियंत्रण और आरामदायक केबिन डिजाइन शामिल है।

गंगा नदी की सफाई और संरक्षण के लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए पीएम मोदी 1800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली छह सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वो जल आपूर्ति, बिजली ढांचे और शहरी आवास से जुड़े कई और योजनाओं की शुरुआत करेंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत 53,600 से ज्यादा लाभार्थियों को पहली किश्त जारी की जाएगी। इसके अलावा 6,600 से अधिक पहले से बने घरों में गृह प्रवेश के लिए कुछ लोगों को चाबियां भी सौंपी जाएंगी। यह कार्यक्रम आम लोगों के लिए एक नई उम्मीद की किरण बनकर सामने आएगा।
ओडिशा में 18,600 करोड़ की सौगात, पहली बार बौध से चलेगी ट्रेन
ओडिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18,600 करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास योजनाएं शुरू करेंगे। इन परियोजनाओं में पेयजल, सिंचाई, कृषि ढांचा, स्वास्थ्य सेवाएं, ग्रामीण सड़कें, पुल, राष्ट्रीय राजमार्ग और नई रेल लाइनें शामिल हैं। प्रधानमंत्री पहली बार बौध जिले को राष्ट्रीय रेलवे नेटवर्क से जोड़ते हुए ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। साथ ही वो राजधानी क्षेत्र शहरी परिवहन प्रणाली (CRUT) के तहत 100 इलेक्ट्रिक बसों को भी रवाना करेंगे जो शहरों में पर्यावरण के अनुकूल यात्रा को बढ़ावा देंगी। इसी दौरे के दौरान मोदी ओडिशा विजन डॉक्यूमेंट भी जारी करेंगे जिसमें 2036 और 2047 के लक्ष्यों को रेखांकित किया गया है।
21 जून को 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर पीएम मोदी आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में राष्ट्रीय स्तर के योग कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे। समुद्र तट पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में लगभग पांच लाख लोग उनके साथ योग करेंगे। इसके साथ ही देशभर के 3.5 लाख से अधिक स्थानों पर एक साथ योग कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस आयोजन का मकसद सिर्फ शारीरिक स्वास्थ्य नहीं बल्कि मानसिक शांति और सामूहिक चेतना को भी मजबूती देना है। इस दौरान प्रधानमंत्री राज्य की कई प्रेरणादायक महिलाओं को सम्मानित भी करेंगे, जो समाज में विशेष योगदान दे रही हैं।


