Indore News: हर साल की तरह इस साल भी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़े ही उत्साह और जोश के साथ मनाया जाएगा। इस बार यह 11वां योग दिवस होगा और देशभर में योग आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। खास बात ये है कि इस बार इंदौर के ऐतिहासिक राजवाड़ा में सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। पहली बार किसी ऐतिहासिक इमारत पर ऐसा आयोजन होगा जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इस आयोजन के मुख्य अतिथि केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया होंगे।
राजवाड़ा में सुबह 6 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम
योग दिवस का कार्यक्रम 21 जून की सुबह 6 बजे शुरू होगा। सबसे पहले 6:30 बजे से 6:40 बजे तक मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संबोधन भोपाल से लाइव प्रसारित किया जाएगा। इसके बाद 6:40 बजे से 7 बजे तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन विशाखापट्टनम से लाइव दिखाया जाएगा। फिर 7 बजे से 7:45 बजे तक योग अभ्यास होगा जिसमें सामान्य योग प्रोटोकॉल के तहत सभी लोग सामूहिक रूप से योग करेंगे। इसमें छात्र, युवा और शहर के नागरिक भाग लेंगे।

योग से जुड़ेंगे जनप्रतिनिधि और बड़े नेता
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ज्योतिरादित्य सिंधिया के अलावा नगरीय प्रशासन और आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकर लालवानी, विधायकगण और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। इससे यह साफ है कि सरकार योग के प्रचार-प्रसार में किसी तरह की कसर नहीं छोड़ रही है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार पूरे इंदौर जिले में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी जोर-शोर से की जा रही है। जिले की सभी पंचायत मुख्यालयों, गांवों, शहरी निकायों और हर वार्ड में योग दिवस का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए जनप्रतिनिधियों और आम लोगों का सहयोग लिया जा रहा है ताकि हर कोना योग से जुड़ सके।
रजिस्ट्रेशन करना है जरूरी
जिले में योग से जुड़े सभी संस्थानों से अपील की गई है कि वे 21 जून को योग कार्यक्रम जरूर आयोजित करें। इसके लिए https://yoga.ayush.gov.in/yoga-sangam पर पंजीकरण करवाना आवश्यक है। इंदौर के नागरिकों से भी आग्रह किया गया है कि वे इस खास दिन को यादगार बनाएं और योग कार्यक्रमों में भाग लें। योग से जुड़ने का ये मौका सिर्फ स्वास्थ्य नहीं बल्कि सामूहिक ऊर्जा का भी प्रतीक बनेगा।


