Simhastha 2028: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन में होने वाला सिंहस्थ 2028 एक भव्य और ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में ऐसी व्यवस्थाएं की जाएंगी जिससे एक ही दिन में पांच करोड़ लोग पवित्र शिप्रा नदी में स्नान कर सकें। शिप्रा के दोनों किनारों पर लगभग 30 किलोमीटर तक घाटों का विकास किया जाएगा ताकि श्रद्धालु आसानी और सुविधा से स्नान कर सकें। मुख्यमंत्री ने यह बात भारत भवन में आयोजित छह दिवसीय सदानीरा सम्मेलन के शुभारंभ के दौरान कही।
जल संरक्षण में देश को दिखाएंगे दिशा
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल ही जीवन है और यह ऑक्सीजन भी देता है। प्रदेश सरकार ने 30 मार्च से 30 जून तक जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जिसमें प्रत्येक गांव और शहर में जल स्रोतों को स्वच्छ और उपयोगी बनाया गया। तालाबों, बावड़ियों और जलाशयों का पुनर्जीवन किया गया। यह काम न सिर्फ सरकार ने किया बल्कि समाज ने भी इसमें बढ़-चढ़कर भाग लिया। जल संरक्षण के क्षेत्र में मध्यप्रदेश ने देशभर में उदाहरण प्रस्तुत किया है।

जल संरक्षण के क्षेत्र में जब देशभर के जिलों का मूल्यांकन किया गया तो खण्डवा जिला भारत सरकार के सभी मानकों पर खरा उतरते हुए प्रथम स्थान पर रहा। मुख्यमंत्री ने बताया कि इसी तरह के कार्य अब प्रदेश के अन्य जिलों में भी किए जाएंगे। सदानीरा सम्मेलन में लगातार छह दिन तक जल आधारित नाटक, फिल्में, गीत-संगीत, कविता पाठ, नृत्य नाटिका जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह आयोजन जल संरक्षण के महत्व को लोगों तक पहुंचाने का एक रचनात्मक प्रयास है।
मध्यप्रदेश से निकलती हैं ढाई सौ नदियाँ
मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश से लगभग 250 नदियाँ निकलती हैं जो देश के अलग-अलग हिस्सों में जाकर जल संपदा को समृद्ध करती हैं। अमरकंटक से निकलने वाली सोन नदी गंगा में समाहित होती है और बेतवा नदी यमुना में मिलती है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण का कार्य एक सांस्कृतिक और सामाजिक जिम्मेदारी है। इस आयोजन में संस्कृति और पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव शिवशेखर शुक्ला ने भी छह दिन की गतिविधियों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर सदानीरा डॉक्यूमेंट्री श्रृंखला, “पृथ्वी पानी का देश” कविता संग्रह, जल संरक्षण पर आधारित “जल धारा” पुस्तक और पत्रकारिता केंद्रित एक अन्य पुस्तक का विमोचन भी किया। प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री ने चित्रों और हस्तशिल्प कलाओं को भी देखा। इस आयोजन में सांसद वीडी शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी, अभिनेता अन्नू कपूर, डॉ. जवाहर कर्णावत, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक अतुल कोठारी और कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।


