Operation Sindhu: भारत सरकार की संवेदनशील विदेश नीति का उदाहरण बना ऑपरेशन सिंधु, पड़ोसी देशों के नागरिक भी सुरक्षित लौटे

Operation Sindhu: ईरान और इज़रायल के बीच जारी तनावपूर्ण हालात के बीच भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन सिंधु के तहत बुधवार को एक और विशेष फ्लाइट ने दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग की। इस फ्लाइट में 282 भारतीय नागरिक सवार थे जो ईरान के मशहद शहर में फंसे हुए थे। इस रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत अब तक कुल 2858 भारतीयों को सुरक्षित स्वदेश वापस लाया जा चुका है। विदेश मंत्रालय ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और फंसे हुए नागरिकों की हरसंभव मदद की जा रही है।

जब ये सभी नागरिक दिल्ली पहुंचे तो उनके चेहरे पर राहत साफ झलक रही थी। कई लोगों ने भारत सरकार और ईरान स्थित भारतीय दूतावास का धन्यवाद किया। सैयद आदिल मंसूर नामक एक व्यक्ति ने कहा, “अब मैं सुरक्षित हूं, यह बहुत अच्छा लग रहा है। दूतावास ने पूरी मेहनत की, हम पर हर समय ध्यान रखा गया।” मोहम्मद आसिम ने भी इसी तरह की भावना व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई और हर व्यवस्था बेहतरीन थी।

विदेश राज्य मंत्री पवित्रा मार्गरिटा ने किया स्वागत

24 जून को दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचे 281 भारतीयों, 3 श्रीलंकाई और 2 नेपाली नागरिकों का गर्मजोशी से स्वागत विदेश राज्य मंत्री पवित्रा मार्गरिटा ने किया। यह फ्लाइट भी मशहद से रवाना हुई थी और इसमें कुछ अन्य देशों के नागरिकों को भी रेस्क्यू कर भारत लाया गया था। मंत्री ने कहा कि यह भारत की विदेश नीति की मानवीय भावना का परिचायक है कि वह संकट के समय केवल अपने नागरिकों ही नहीं, बल्कि पड़ोसी देशों के लोगों की भी मदद करता है।

नेपाल और श्रीलंका के नागरिकों को भी मिली सहायता

भारत ने ऑपरेशन सिंधु के अंतर्गत न सिर्फ अपने नागरिकों को सुरक्षित निकाला बल्कि नेपाल और श्रीलंका के नागरिकों को भी सहायता दी। पवित्रा मार्गरिटा ने कहा, “हमारे लिए हर वो व्यक्ति महत्वपूर्ण है जो संकट में है। भारत सरकार हमेशा मानवीय सहायता देने को प्रतिबद्ध है और यह हमारी ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की सोच का परिचायक है।” यह ऑपरेशन न सिर्फ भारत की कूटनीतिक ताकत बल्कि उसकी संवेदनशीलता को भी दर्शाता है।

ईरान और इज़रायल के बीच कई हफ्तों से चले आ रहे सैन्य संघर्ष के बाद, संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने मंगलवार को संघर्षविराम की घोषणा की। यह तब आया जब ईरान ने अमेरिका के कतर और इराक स्थित सैन्य ठिकानों पर जवाबी हमले किए। इसके पहले अमेरिका ने ईरान की परमाणु संस्थाओं पर हवाई हमले किए थे। इस बीच भारत ने तेज़ी से कार्रवाई करते हुए अपने नागरिकों को निकालने के लिए ऑपरेशन सिंधु का दायरा बढ़ाया और 11 फ्लाइट्स के जरिए अब तक कुल 3180 लोगों को सुरक्षित स्वदेश लाया है।

लेटेस्ट न्यूज़
- Advertisment -

धार्मिक

error: Content is protected !!