Sehore News: JCB चली और ज़मीन से निकले मुग़ल खजाने के चांदी के सिक्के, गांव में मचा हड़कंप

Sehore News: सीहोर ज़िले की आष्टा तहसील के अर्निया दाऊद गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे एक मकान की खुदाई के दौरान अचानक चांदी जैसे दिखने वाले प्राचीन सिक्के मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जब जेसीबी से कॉलम के लिए गड्ढा खोदा जा रहा था, तभी मशीन की दांतों से किसी सख्त वस्तु के टकराने की आवाज़ आई। पास जाकर देखने पर मिट्टी के भीतर कई चांदी जैसे सिक्के मिले जिन पर फारसी भाषा में कुछ लिखा हुआ था।

परिवार भी रह गया हैरान, प्रशासन हुआ सतर्क

सिक्के मिलने की खबर आग की तरह फैल गई। मकान मालिक सुरेश श्रीवास्तव और उनका परिवार यह देखकर चौंक गए कि जमीन के भीतर से इतने सारे पुराने सिक्के कैसे निकल आए। इसकी जानकारी मिलते ही एसडीएम नितिन तले के निर्देश पर नवनियुक्त तहसीलदार राम पगारे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायज़ा लिया और मौके पर ही पंचनामा तैयार कर 85 सिक्कों को जब्त कर कोषालय में जमा करा दिया।

Sehore News: JCB चली और ज़मीन से निकले मुग़ल खजाने के चांदी के सिक्के, गांव में मचा हड़कंप

सीहोर में पहले भी मिल चुके हैं ऐतिहासिक अवशेष

यह पहली बार नहीं है जब सीहोर ज़िले से ऐतिहासिक धरोहर सामने आई हो। वर्ष 2022 में देवबरला क्षेत्र में खुदाई के दौरान 11वीं शताब्दी के शिव मंदिर के अवशेष मिले थे। इससे पहले भी इस ज़िले के अलग-अलग हिस्सों में प्राचीन मूर्तियाँ और अन्य मंदिर अवशेष मिल चुके हैं। यह दर्शाता है कि यह क्षेत्र ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत समृद्ध और सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण रहा है।

संभवतः मुग़ल काल के हैं ये सिक्के

तहसीलदार राम पगारे ने जानकारी दी कि ये सिक्के चांदी जैसे धातु से बने हुए हैं और इन पर फारसी भाषा में लेखन किया गया है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि ये सिक्के मुग़ल काल के हो सकते हैं। यह भी संभावना है कि किसी व्यक्ति ने इन्हें वर्षों पहले ज़मीन में गाड़ दिया हो। फिलहाल सिक्कों की जांच और सत्यापन के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जा रही है।

ऐतिहासिक धरोहर संरक्षण की ज़िम्मेदारी

इस प्रकार के खोज एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती हैं कि हमारी धरती में कितने रहस्य और इतिहास छिपे हुए हैं। पुरातत्व विभाग को अब इस क्षेत्र में गहराई से जांच करनी चाहिए ताकि और भी संभावित धरोहरों को संरक्षित किया जा सके। स्थानीय प्रशासन की सजगता की सराहना भी की जा रही है जिन्होंने समय रहते सिक्कों को सुरक्षित किया।

लेटेस्ट न्यूज़
- Advertisment -

धार्मिक

error: Content is protected !!