आज के दौर में AI टूल्स जैसे ChatGPT लोगों के हर सवाल का जवाब देने में माहिर हैं। लेकिन जब बात पैसे और निवेश की आती है तो केवल AI की सलाह पर भरोसा करना भारी पड़ सकता है। अगर आप शेयर बाजार या किसी भी स्कीम में निवेश करना चाहते हैं तो केवल ChatGPT या किसी AI से पूछकर फैसला न करें। क्योंकि AI वित्तीय मार्केट की मौजूदा स्थिति, बदलाव और आपकी व्यक्तिगत आर्थिक स्थिति को सही से नहीं समझ सकता। इसलिए निवेश से पहले खुद रिसर्च करें या किसी फाइनेंशियल एडवाइजर से सलाह लें।
AI से स्वास्थ्य सलाह लेना पड़ सकता है भारी
AI हेल्थ से जुड़े सवालों का जवाब तो देता है लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि आप इसे डॉक्टर मान लें। अगर आप बीमार हैं या कोई गंभीर लक्षण दिख रहे हैं तो डॉक्टर के पास जाना ही समझदारी है। AI केवल सामान्य जानकारी दे सकता है लेकिन आपकी सेहत की गहराई से जांच और इलाज केवल एक डॉक्टर ही कर सकता है। गलत जानकारी से आपकी बीमारी बढ़ सकती है और स्थिति खराब हो सकती है।

कानूनी मामलों में न करें AI पर भरोसा
कई लोग कानूनी सवालों के जवाब के लिए भी ChatGPT जैसे टूल्स का सहारा लेते हैं। लेकिन कानून एक बहुत ही जटिल विषय है जिसमें हर मामला अलग होता है। AI किसी पुराने डेटा के आधार पर जवाब देता है जो आपके केस पर लागू भी हो सकता है और नहीं भी। ऐसे में ChatGPT की सलाह पर कोई कानूनी कदम उठाना जोखिम भरा हो सकता है। अगर आपको किसी कानूनी मुद्दे में मदद चाहिए तो वकील से ही सलाह लें।
अपनी निजी जानकारी न करें साझा
हाल ही में Ghibli आर्ट ट्रेंड के दौरान लोग अपनी तस्वीरें AI को दे रहे थे ताकि उनके फोटो को कार्टून आर्ट में बदला जा सके। यह दिखने में आकर्षक था लेकिन असल में लोग अपनी निजी जानकारी और फोटो एक अनजान तकनीक के हवाले कर रहे थे। AI टूल्स में दी गई जानकारी भविष्य में कैसे इस्तेमाल होगी यह किसी को नहीं पता। इसलिए कभी भी AI को अपनी पहचान, फोटो, आधार नंबर, बैंक डिटेल्स जैसी कोई भी निजी जानकारी न दें।
AI से कहां ले सकते हैं मदद?
AI का सही इस्तेमाल किया जाए तो यह एक बेहतरीन टूल साबित हो सकता है। ChatGPT से आप ट्रैवल प्लान बना सकते हैं, पढ़ाई में मदद ले सकते हैं, किसी नए शहर की जानकारी जान सकते हैं या अपनी स्किल्स को बेहतर बना सकते हैं। यह टूल रचनात्मक कामों में सहयोग देता है जैसे लेख लिखना, ईमेल तैयार करना या भाषा सीखना। लेकिन ध्यान रहे, इसका इस्तेमाल सीमित और सतर्कता के साथ करें।


