MP News: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 1 जुलाई से 12 जुलाई तक मध्यप्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर बालाजी धाम में विराजमान रहेंगे। अपने विदेश दौरे के बाद लौटते ही उन्होंने मुंबई में भक्तों से मुलाकात की और अब बागेश्वर धाम में दिव्य दरबार लगाएंगे। 1 जुलाई से 3 जुलाई तक प्रतिदिन शाम को दिव्य दरबार आयोजित होगा जहां लाखों भक्त अपनी मनोकामनाएं कागज पर लिखकर गुरुदेव के चरणों में रखेंगे। इस आयोजन को लेकर प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं।
4 जुलाई को मनाया जाएगा बागेश्वर महाराज का 29वां जन्मोत्सव
पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 4 जुलाई को अपना 29वां जन्मदिन मनाने जा रहे हैं। इस खास मौके पर बागेश्वर धाम में भव्य आयोजन की तैयारी चल रही है। पूरे धाम को रोशनी और फूलों से सजाया जा रहा है। एक विशाल पंडाल बनाया गया है जहां महाराजश्री अपने शिष्यों के साथ पूरा दिन व्यतीत करेंगे। हजारों भक्त पहले से ही धाम में पहुंचने लगे हैं और इस संख्या के लाखों तक पहुंचने की संभावना है।

7 और 8 जुलाई को होगा गुरु दीक्षा महोत्सव
गुरु दीक्षा महोत्सव 7 और 8 जुलाई को बागेश्वर धाम में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री हजारों नए शिष्यों को गुरु मंत्र देंगे। बागेश्वर धाम जन सेवा समिति के अनुसार, अब तक 3 हजार से अधिक लोगों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है। यह दीक्षा उन लोगों के लिए है जो मांस-मदिरा त्यागकर जीवन में आध्यात्मिक बदलाव लाना चाहते हैं और सनातन धर्म के मार्ग पर चलना चाहते हैं।
कथा महोत्सव: हनुमान कथा से लेकर भक्तमाल कथा तक
1 जुलाई से 12 जुलाई तक चलने वाले इस महोत्सव में अनेक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 2 से 4 जुलाई तक प्रसिद्ध कथावाचक पूंडरीक गोस्वामी द्वारा हनुमान कथा सुनाई जाएगी। इसके बाद 5 जुलाई से 9 जुलाई तक वृंदावन के आचार्य संजय कृष्ण सलील भक्तमाल कथा का वाचन करेंगे। कथा प्रतिदिन शाम 4 बजे से 7 बजे तक होगी। इन कथाओं के माध्यम से भक्तों को भक्ति मार्ग की प्रेरणा मिलेगी।
देश-विदेश से उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़
बागेश्वर धाम केवल भारत ही नहीं बल्कि विदेशों में भी श्रद्धा का केंद्र बन चुका है। ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, फिजी, दुबई जैसे देशों से भी लोग इस आयोजन में भाग लेने आ रहे हैं। बागेश्वर महाराज की कथाएं और दिव्य दरबार करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र बन चुके हैं। इस 12 दिवसीय महोत्सव में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और यातायात के विशेष प्रबंध किए गए हैं।


