Figs Benefits: अंजीर यानी फिग्स को अक्सर ड्राय फ्रूट्स की लिस्ट में नजरअंदाज कर दिया जाता है। ज़्यादातर लोग केवल काजू, बादाम और किशमिश तक ही सीमित रहते हैं लेकिन अंजीर फाइबर, आयरन, कैल्शियम और पोटैशियम से भरपूर होता है। यह न केवल पाचन क्रिया को सुधारता है बल्कि शरीर को कई बीमारियों से लड़ने की ताकत भी देता है।
अगर आपको गैस, कब्ज़ और एसिडिटी जैसी परेशानियाँ हैं तो अंजीर आपके लिए वरदान साबित हो सकता है। रोज़ाना 2 से 4 अंजीर खाने से पेट साफ रहता है और पाचन क्रिया दुरुस्त रहती है। अंजीर में भरपूर फाइबर होता है जो आँतों को सक्रिय करता है और पेट के भारीपन को कम करता है।

वजन घटाना है तो अंजीर को बनाएं साथी
वजन घटाने की कोशिश कर रहे लोगों के लिए अंजीर एक असरदार विकल्प है। इसमें मौजूद फाइबर पेट को लंबे समय तक भरा रखता है जिससे बार-बार भूख नहीं लगती। अंजीर कैलोरी में हल्का लेकिन पोषक तत्वों से भरपूर होता है जिससे शरीर को ऊर्जा भी मिलती है और वजन भी नियंत्रित रहता है।
खून की कमी और हड्डियों के लिए फायदेमंद
अंजीर आयरन का अच्छा स्रोत है इसलिए यह खून की कमी यानी एनीमिया से जूझ रहे लोगों के लिए फायदेमंद है। यह शरीर में हीमोग्लोबिन बढ़ाने में मदद करता है। साथ ही अंजीर में कैल्शियम और विटामिन्स होते हैं जो हड्डियों को मजबूत बनाते हैं और बुजुर्गों के लिए यह एक आदर्श आहार है।
अंजीर को सबसे अच्छा तरीका है रात में पानी में भिगोकर सुबह खाली पेट खाना। इसके साथ उसका पानी पीना भी फायदेमंद होता है। ताकत बढ़ाने के लिए अंजीर को दूध में उबालकर भी खाया जा सकता है। सामान्यतः दिन में 2-3 अंजीर खाना लाभकारी है जबकि डाइबिटीज़ के मरीज 2 अंजीर तक सीमित रहें।


