MP News: भोपाल के कालियासोत डैम में दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया 22 वर्षीय युवक विष्णु वेंकटेश नायडू दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। दोस्तों के साथ मस्ती करते हुए वह डैम में नहाने उतरा और शुरू में तैरता भी नजर आया। लेकिन लौटते वक्त उसकी सांसें उखड़ने लगीं और देखते ही देखते वह पानी में समा गया।
मोबाइल कैमरे में कैद हुआ मौत का लाइव वीडियो
हैरान कर देने वाली बात ये रही कि उसके दोस्त इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर रहे थे। वीडियो में एक दोस्त की आवाज आ रही है, “उसका ध्यान रखना, उसे सांस लेने में तकलीफ हो रही है।” कुछ ही सेकेंड बाद विष्णु डूब गया और वीडियो दिल दहला देने वाला बन गया।

दोस्त भागे पुलिस के पास, गोताखोरों ने निकाली लाश
घटना के बाद युवक के डूबने से घबराए उसके दोस्तों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम और गोताखोरों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद विष्णु का शव डैम से बाहर निकाला। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पुलिस जांच कर रही है कि क्या कोई लापरवाही हुई थी।
शहडोल में बारिश के बहाव में बह गए तीन मासूम
भोपाल से अलग, मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में भी एक और दर्दनाक घटना घटी। यहां मंगलवार शाम को रोहनिया गांव के केरहाई टोला में एक नाले में नहाने गए तीन बच्चे तेज बहाव में डूब गए। मृतकों में दो सगे भाई साहिल यादव (09), शौर्य यादव (07) और उनका चचेरा भाई शिवम यादव (10) शामिल हैं।
परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
पुलिस के अनुसार भारी बारिश के कारण नाला उफान पर था और बच्चे खेलते हुए नहाने उतर गए। पानी की तेज रफ्तार ने उन्हें बहा लिया और जब तक पुलिस व ग्रामीण पहुंचे तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था। बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं और बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा।


