Papaya Juice: पपीता एक ऐसा फल है जिसे हर कोई पसंद नहीं करता लेकिन इसके फायदे इतने जबरदस्त हैं कि इसे नज़रअंदाज़ करना मुश्किल है। गर्मियों के मौसम में बाजार में आसानी से मिलने वाला पका पपीता फाइबर, विटामिन और मिनरल्स से भरपूर होता है। खास बात यह है कि इसमें न सिर्फ विटामिन A होता है बल्कि विटामिन C भी भरपूर मात्रा में पाया जाता है।
पका पपीते का जूस: स्वाद भी सेहत भी
अगर आपको पपीता खाना पसंद नहीं है तो उसका जूस बनाकर पी सकते हैं। पके हुए पपीते का जूस स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पाचन के लिए बहुत फायदेमंद होता है। इसमें मौजूद एंजाइम ‘पपेन’ पेट की समस्याओं जैसे कब्ज, गैस और एसिडिटी में राहत देता है। सुबह खाली पेट 1 गिलास पपीते का जूस पीने से दिनभर शरीर में हल्कापन महसूस होता है।

वजन घटाने वालों के लिए वरदान है पपीता जूस
पपीते का जूस लो-कैलोरी होता है और लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराता है। यही वजह है कि वजन घटाने की कोशिश कर रहे लोगों के लिए यह एक बेहतरीन विकल्प है। अगर इसे बिना चीनी के पिया जाए और फाइबर सहित लिया जाए तो यह और ज्यादा लाभदायक होगा। यह मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाकर फैट कम करने में मदद करता है।
रोग प्रतिरोधक क्षमता और त्वचा को देता है मजबूती
पपीते के जूस में मौजूद विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं। इससे शरीर को संक्रमणों से लड़ने में मदद मिलती है। साथ ही विटामिन A और C आंखों की रोशनी को बढ़ाते हैं और त्वचा को चमकदार बनाते हैं। नियमित रूप से इसका सेवन करने से झुर्रियां कम होती हैं और त्वचा में निखार आता है।
ऐसे बनाएं स्वादिष्ट पपीते का जूस घर पर
जूस बनाने के लिए एक पका हुआ पपीता लें। उसका छिलका और बीज निकालकर टुकड़ों में काट लें। अब इन टुकड़ों को मिक्सर के जूसर जार में डालें। अपनी ज़रूरत के अनुसार थोड़ा पानी मिलाएं और अच्छे से पीस लें। अब स्वाद अनुसार थोड़ा काला नमक डालें। अगर आप मीठा पसंद करते हैं तो थोड़ा सा शक्कर भी डाल सकते हैं। सुबह खाली पेट पिया गया यह जूस आपको भरपूर एनर्जी देगा और सेहतमंद बनाए रखेगा।


