MP News: मध्यप्रदेश के सीधी जिले में एक गर्भवती महिला लीला साहू ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर जब आवाज उठाई तो उन्हें विकास का वादा नहीं बल्कि एक अजीबो-गरीब सलाह मिल गई। बीजेपी सांसद राजेश मिश्रा ने कहा कि डिलीवरी की तारीख बता दीजिए, हम एक हफ्ते पहले ही उसे निपटा देंगे। यह बयान सुनकर लोगों में हैरानी और गुस्सा दोनों फैल गया। लीला साहू का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह सांसद से सीधा सवाल करती नजर आ रही हैं कि जब आपमें हिम्मत नहीं थी तो झूठा वादा क्यों किया?
लीला साहू का तंज और वायरल वीडियो
वीडियो में लीला साहू साफ-साफ कहती हैं कि अगर सड़क बनाना आपके बस की बात नहीं थी तो पहले ही कह देते। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर खुद सड़क बनवा लेते। उनका यह बयान लोगों के दिलों को छू गया और सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया। यह वीडियो न केवल एक महिला की पीड़ा है बल्कि ग्रामीण भारत की बुनियादी समस्याओं की तस्वीर भी दिखाता है।
A video of Leela Sahu from Sidhi, Madhya Pradesh is going viral in which two pregnant women can be seen accusing the government and the MP of making false claims of building a road. pic.twitter.com/k50MAcjFMu
— Shruti Dhore (@ShrutiDhore) July 6, 2025
राजनीतिक बयानबाज़ी से भड़की जनता
जब मीडिया ने सांसद राजेश मिश्रा से लीला साहू के वीडियो पर सवाल किया तो उन्होंने और भी चौंकाने वाला जवाब दिया। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस है, आशा कार्यकर्ता हैं, जरूरत पड़ी तो हेलिकॉप्टर से एयरलिफ्ट करवा देंगे। उन्होंने यहां तक कह दिया कि गर्भवती महिला को अस्पताल में भर्ती करवा दें, इलाज और खाना मुफ्त मिलेगा। सांसद ने इस मुद्दे को कांग्रेस की साजिश बताकर महिला को ही राजनीति का मोहरा बता दिया।
बुनियादी समस्याओं पर नेताओं की बेरुखी
एक सड़क जैसी बुनियादी सुविधा मांगना किसी महिला या आम नागरिक का अधिकार है। लेकिन जब जनप्रतिनिधि उसका जवाब ताने और व्यंग्य से देने लगें तो यह न केवल संवेदनहीनता है बल्कि लोकतंत्र की असफलता भी है। जहां सरकार गर्भवती महिलाओं को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए हेलिकॉप्टर की बात कर रही है वहीं एक कच्ची सड़क तक नहीं बनवा पा रही। यह जनता के साथ एक मज़ाक जैसा लगता है।
अब जनता ने ली कमान, जवाब मांग रही है सोशल मीडिया पर
लीला साहू का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश है। सोशल मीडिया पर यूजर्स सांसद के बयान को अमानवीय और हास्यास्पद बता रहे हैं। कई लोग कह रहे हैं कि यदि सरकार हेलिकॉप्टर भेज सकती है तो सड़क क्यों नहीं बना सकती? यह मामला अब केवल सीधी जिले तक सीमित नहीं रहा बल्कि प्रदेश और देशभर में चर्चा का विषय बन गया है। जनता अब जवाब मांग रही है – वादे निभाओ या राजनीति छोड़ो।


