MP News: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की स्पेन यात्रा के दूसरे दिन का मुख्य फोकस वैश्विक फैशन और टेक्सटाइल क्षेत्र के प्रमुख ब्रांड्स से निवेश संवाद रहा। गैलिसिया स्थित इंडिटेक्स के मुख्यालय में हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश को एक “ग्रीन, सस्ती और ट्रैसेबल उत्पादन हब” के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने इंडिटेक्स ग्रुप के वरिष्ठ अधिकारियों से व्यापार साझेदारी और सतत निवेश के अवसरों पर खुलकर चर्चा की और राज्य में रोजगार तथा आर्थिक विकास को तेज करने की दिशा में सहयोग मांगा।
मध्यप्रदेश: कपड़ा उद्योग के लिए उपयुक्त भूमि
मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश देश के शीर्ष कच्चा कपास उत्पादक राज्यों में से एक है जहां हर साल लगभग 18 लाख गांठें यानी 3 लाख मीट्रिक टन कपास का उत्पादन होता है। राज्य में 15 से अधिक टेक्सटाइल क्लस्टर हैं जिनमें इंदौर, मंदसौर, बुरहानपुर, उज्जैन और नीमच जैसे शहर प्रमुख हैं। ये क्षेत्र निवेशकों के लिए पहले से ही मजबूत आधारभूत संरचना और कुशल श्रमिक उपलब्ध कराते हैं।

पीएम मित्र पार्क: इंडिटेक्स के लिए सुनहरा अवसर
डॉ. मोहन यादव ने विशेष रूप से पीएम मित्र योजना के अंतर्गत धार जिले में विकसित किए जा रहे मेगा टेक्सटाइल पार्क की जानकारी दी। उन्होंने प्रस्ताव दिया कि इंडिटेक्स जैसे वैश्विक ब्रांड के लिए यह पार्क सतत और समग्र उत्पादन के लिए आदर्श स्थल हो सकता है। उन्होंने यहां गारमेंटिंग यूनिट स्थापित करने का सुझाव भी दिया जो राज्य में बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित करेगा।
ऑर्गेनिक कॉटन में साझेदारी की अपील
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि मध्यप्रदेश भारत का अग्रणी ऑर्गेनिक कॉटन उत्पादक राज्य है खासकर निमाड़ और मालवा क्षेत्र में। यहां जीओटीएस प्रमाणित किसान समूह सक्रिय हैं जो इंडिटेक्स की स्थिरता और ट्रैसेबिलिटी नीतियों के अनुकूल साझेदार हो सकते हैं। मुख्यमंत्री ने फार्मर-टू-फैब्रिक वैल्यू चेन में मिलकर काम करने का सुझाव दिया।
नीतिगत समर्थन और वैश्विक अवसरों की ओर बढ़ता कदम
मुख्यमंत्री ने राज्य की नई औद्योगिक और निर्यात नीति 2025 के बारे में जानकारी दी जिसमें भूमि पर 90% सब्सिडी, मशीनरी पर 40% पूंजी सहायता, ग्रीन टेक्नोलॉजी पर 50% सहयोग और लोन पर ब्याज सब्सिडी शामिल है। उन्होंने इंडिटेक्स को पीएम मित्र पार्क में सप्लाई चेन एंकर पार्टनर बनने के लिए आमंत्रित किया और ईएसजी सर्टिफाइड एमएसएमई के साथ मिलकर वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम शुरू करने का सुझाव भी दिया।


