MP News: भोपाल की क्राइम ब्रांच ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो एमडी (मेथामफेटामाइन) सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के नाम सैफुद्दीन और शाहरुख हैं जो शहर के क्लबों और पार्टियों में एमडी पाउडर सप्लाई करते थे। पुलिस ने इनके पास से करीब 15 ग्राम एमडी ड्रग्स, एक स्कूटी और एक मोबाइल जब्त किया है। जब्त किए गए माल की कीमत लगभग तीन लाख रुपये बताई जा रही है।
2025 में अब तक 5 आरोपी पकड़े जा चुके
क्राइम ब्रांच की जानकारी के अनुसार, साल 2025 में अब तक पांच आरोपियों से कुल 40 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की जा चुकी है। पुलिस युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति और क्लब संस्कृति पर लगातार निगरानी रखे हुए है। यह गिरोह पार्टी और फिटनेस के नाम पर युवाओं को अपने जाल में फंसा रहा है। खास बात ये है कि नशा अब एक चेन मार्केटिंग मॉडल की तरह फैलाया जा रहा है।

चेन मार्केटिंग जैसी है ड्रग्स की सप्लाई
जांच में सामने आया है कि आरोपी पार्टी, क्लब और जिम के जरिए युवाओं को नशे का आदी बनाते थे। लड़कियों को पहले मुफ्त में ड्रग्स देकर क्लब की ‘आकर्षण का केंद्र’ बनाया जाता था। वहीं कुछ डॉक्टर भी गलत दवाओं के बहाने डिप्रेशन के नाम पर युवाओं को नशे का आदी बना रहे थे। शुरुआत में ड्रग्स मुफ्त दी जाती थी फिर धीरे-धीरे उसकी कीमत बढ़ा दी जाती थी। युवाओं को मजबूरी में नए लोगों को जोड़कर नशे की आदत बनाए रखने को मजबूर किया जाता था।
सैफुद्दीन पहले से था फरार आरोपी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी सैफुद्दीन पहले से ही क्राइम ब्रांच के एक पुराने केस में फरार था। उस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसकी गिरफ्तारी के बाद अब उससे जुड़े बाकी तस्करों और सप्लायरों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस क्लब संचालकों, आयोजकों और मैनेजरों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अगर उनकी मिलीभगत पाई गई तो उनके खिलाफ लाइसेंस रद्द करने और आपराधिक कार्रवाई की जाएगी।
गुप्त सूचना से मिली बड़ी सफलता
क्राइम ब्रांच को एक मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोविंदपुरा थाना क्षेत्र के सब्जी मंडी टिन शेड के पास दो युवक स्कूटी पर बैठे हैं और एमडी ड्रग्स बेचने की फिराक में हैं। इसमें से एक युवक सफेद लाइन वाली शर्ट और नीले लोअर में था जिसकी उम्र 20 से 25 साल बताई गई। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को दबोच लिया और बड़ी मात्रा में एमडी ड्रग्स जब्त कर ली।


