MP News: बारिश के चलते शिवपुरी जिले में कई गांव बने टापू, लोगों को जान जोखिम में डालकर पार करनी पड़ रही नदी

MP News: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में लगातार हो रही बारिश ने कई गांवों की हालत बेहद खराब कर दी है। यहां सिंध नदी का जलस्तर इतना बढ़ गया है कि कई ग्रामीण इलाकों का संपर्क बाकी दुनिया से कट गया है। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि गांव चारों ओर से पानी से घिर गए हैं और टापू बन चुके हैं। ग्रामीणों के पास आने-जाने का कोई रास्ता नहीं बचा है। ऐसे में उन्हें मजबूरी में जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ रही है।

मां की ममता ने पार कराई सिंध नदी

इस भयानक स्थिति के बीच एक मां की ममता ने सबका दिल छू लिया। शिवपुरी जिले के कोलारस विधानसभा क्षेत्र के बड़रवास के ग्राम पंचायत तिलकलन के गांव गौरागांव में एक महिला को अपने बीमार बच्चे को इलाज के लिए ले जाना पड़ा। लेकिन रास्ता नहीं होने की वजह से उसे ट्यूब के सहारे सिंध नदी पार करनी पड़ी। यह वीडियो अब सामने आया है और हर कोई इस मां की हिम्मत को सलाम कर रहा है।

MP News: बारिश के चलते शिवपुरी जिले में कई गांव बने टापू, लोगों को जान जोखिम में डालकर पार करनी पड़ रही नदी

 गांव वाले खुद बनते हैं सहारा

महिला को नदी पार कराने में गांव के ही राम केवट और रामपाल केवट ने मदद की। उन्होंने न सिर्फ ट्यूब दी बल्कि महिला को सहारा भी दिया। इन ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या हर साल बारिश में होती है। गांव में न तो सड़क है और न ही कोई पुल। सिंध नदी का पानी गांव को चारों ओर से घेर लेता है और लोग फँस जाते हैं। ऐसी स्थिति चार महीने तक बनी रहती है।

प्रशासन से लगाई गुहार

ग्रामीणों ने अब प्रशासन से अपील की है कि उनके गांव तक पक्की सड़क और पुल बनाया जाए। उनका कहना है कि जब तक कोई स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक हर साल इस तरह की खतरनाक स्थिति बनी रहेगी। लोगों को इलाज, स्कूल और रोजमर्रा के कामों के लिए भी जान जोखिम में डालनी पड़ती है।

कब जागेगा सिस्टम?

यह सवाल अब हर किसी के मन में है कि क्या प्रशासन तब जागेगा जब कोई बड़ा हादसा होगा। गांव वालों की जिंदगी हर साल सिंध नदी के भरोसे रह जाती है। जिस तरह इस महिला ने ट्यूब के सहारे अपने बच्चे को बचाया, यह बताता है कि जिंदगी और मौत के बीच केवल हिम्मत का फासला रह गया है। अब समय आ गया है कि शासन-प्रशासन इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान दे।

लेटेस्ट न्यूज़
- Advertisment -

धार्मिक

error: Content is protected !!