Aahan Pandey and Anit Padda: मोहित सूरी की फिल्म ‘सैयारा’ से बॉलीवुड को दो नए चेहरे मिले हैं जिन्होंने अपनी बेहतरीन एक्टिंग और शानदार केमिस्ट्री से दर्शकों का ध्यान खींचा है। अहान पांडे और अनीत पड़ा अब इंडस्ट्री के नए उभरते सितारे बन गए हैं। लोगों में इनके जीवन के हर पहलू को जानने की उत्सुकता बढ़ गई है। खासतौर पर इनकी पढ़ाई और फिल्मी सफर को लेकर लोग खूब चर्चा कर रहे हैं।
अहान पांडे का फिल्मी माहौल में पालन-पोषण
अहान पांडे का जन्म एक फिल्मी परिवार में हुआ। वे बिजनेसमैन चिकी पांडे के बेटे और एक्ट्रेस अनन्या पांडे के चचेरे भाई हैं। हालांकि उन्होंने कभी भी अपने पारिवारिक कनेक्शन का सहारा नहीं लिया। उन्होंने मुंबई के ओबेरॉय इंटरनेशनल स्कूल से अपनी पढ़ाई की। स्कूल के दिनों से ही उन्हें थिएटर और कहानी कहने का शौक था।
अहान ने मुंबई यूनिवर्सिटी से फाइन आर्ट्स और सिनेमैटिक आर्ट्स में ग्रेजुएशन किया। इसके अलावा उन्होंने फिल्म और टीवी प्रोडक्शन की बारीकियों में भी विशेषज्ञता हासिल की। वह ‘फ्रीकी अली’, ‘रॉक ऑन 2’, ‘मर्दानी 2’ और ‘द रेलवे मैन’ जैसी फिल्मों में असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में काम कर चुके हैं।
View this post on Instagram
अनीत पड़ा का संघर्षभरा सफर
अनीत पड़ा की कहानी अहान से बिलकुल अलग है। वह अमृतसर में एक साधारण परिवार में जन्मी जहां उनके पिता का खुद का छोटा सा रिटेल स्टोर है और मां एक स्कूल टीचर हैं। उन्होंने अमृतसर के स्प्रिंग डेल सीनियर स्कूल से पढ़ाई की और फिर दिल्ली यूनिवर्सिटी के जीसस एंड मैरी कॉलेज से ह्यूमैनिटीज में डिग्री ली।
कॉलेज के दौरान ही उन्होंने मॉडलिंग शुरू कर दी और लगातार ऑडिशन देती रहीं। पढ़ाई और ऑडिशन के बीच संतुलन बनाना उनके लिए आसान नहीं था। वे रात में सफर कर के सुबह कॉलेज जाती थीं ताकि पढ़ाई भी न छूटे और करियर भी बने।
अभिनय के क्षेत्र में शुरुआती कदम
‘सैयारा’ से पहले अनीत ने फिल्म ‘सलाम वेंकी’ में एक सहायक भूमिका निभाई थी जिसे निर्देशक रेवती ने बनाया था। इसके अलावा वे 2024 की वेब सीरीज़ ‘Big Girls Don’t Cry’ में भी नजर आई थीं जहां उनकी एक्टिंग की खूब तारीफ हुई।
अनीत सिर्फ एक अभिनेत्री नहीं बल्कि एक प्रशिक्षित क्लासिकल सिंगर भी हैं। उन्हें 13 साल की उम्र से कविताएं लिखने का शौक है और उनकी कुछ कविताएं ‘सैयारा’ के साउंडट्रैक में भी शामिल की गई हैं। इससे उनकी रचनात्मक प्रतिभा का अंदाजा लगाया जा सकता है।
नया दौर और नई पहचान
अहान और अनीत की यह यात्रा यह दिखाती है कि टैलेंट, मेहनत और जुनून के दम पर कोई भी अपने सपनों को साकार कर सकता है। एक तरफ जहां अहान की तकनीकी समझ और फिल्मी बैकग्राउंड है वहीं दूसरी ओर अनीत की मेहनत और आत्मनिर्भर संघर्ष की कहानी है। ‘सैयारा’ सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि इन दोनों कलाकारों के करियर की मजबूत शुरुआत बन गई है।


