MP News: इंदौर में मेट्रो सेवा की शुरुआत भले ही जोश से हुई हो लेकिन यात्रियों की संख्या उम्मीद से कम रही है। अभी तक मेट्रो केवल छह किलोमीटर तक ही चल रही है लेकिन अब इसे 11 किलोमीटर तक विस्तारित करने की योजना बनाई जा रही है। अधिकारियों ने अगले छह महीनों में 11 किलोमीटर के सेक्शन को पूरा करने का लक्ष्य रखा है ताकि इसका बड़ा भाग चालू हो सके।
स्टेशन निर्माण में हो रही देरी
इस विस्तार में सबसे बड़ा रोड़ा स्टेशन निर्माण का है। आठ नए मेट्रो स्टेशनों का काम अभी जारी है जो काफी समय ले रहा है। हाल ही में मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के एमडी चैतन्य कृष्ण इंदौर पहुंचे और उन्होंने 11 किलोमीटर सेक्शन पर तीसरी बार ट्रॉली रन किया। अब अगला कदम मेट्रो कोच के साथ परीक्षण रन करने का है जो तीन महीनों में शुरू हो सकता है।

एयरपोर्ट से रेडिसन चौक तक का सपना
अधिकारियों का मानना है कि अगर मेट्रो को एयरपोर्ट से लेकर रेडिसन चौक तक 17 किलोमीटर की दूरी में चलाया जाए तो इसके व्यावसायिक संचालन में बड़ा फायदा मिलेगा। हालांकि यात्रियों को इसके लिए अभी एक साल तक इंतजार करना पड़ सकता है क्योंकि इस 17 किलोमीटर हिस्से में अभी स्टेशन तैयार नहीं हुए हैं। स्टेशन के बिना मेट्रो संचालन संभव नहीं है।
11 प्रमुख स्टेशन होंगे इस रूट पर
हाल ही में हुए ट्रॉली रन में कुल 11 स्टेशन शामिल थे जिनमें मालवीय नगर चौराहा, विजय नगर चौराहा, मेघदूत गार्डन, बापट चौराहा, हीरानगर, चंद्रगुप्त चौराहा, आईएसबीटी, एमआर 10 रोड, भौरसला चौराहा, सुपर कॉरिडोर 1 और सुपर कॉरिडोर 2 शामिल हैं। सभी स्टेशनों पर सिविल वर्क, स्ट्रक्चरल गुणवत्ता, एंट्री-एग्जिट गेट, लिफ्ट, एस्केलेटर और कंट्रोल रूम जैसी सुविधाओं की जांच की गई।
सिंहस्थ में दिखेगा मेट्रो का असली जलवा
तीन साल बाद होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ में मेट्रो को सबसे ज्यादा यात्री मिलने की संभावना है। अनुमान है कि हर दिन पांच लाख से अधिक श्रद्धालु इंदौर के रास्ते सिंहस्थ जाएंगे। ऐसे में अगर मेट्रो एयरपोर्ट से रेडिसन चौक तक शुरू हो जाती है तो इसका इस्तेमाल यात्री बड़ी संख्या में करेंगे। कुरमेड़ी बस स्टैंड और एयरपोर्ट दोनों इस रूट में आते हैं जिससे मेट्रो सबसे उपयुक्त विकल्प बन जाएगी।


