High Blood Sugar Levels: अगर शरीर में ब्लड शुगर लेवल बढ़ने लगे और हम उसे समय रहते न समझ पाएं तो इससे हमारी सेहत को गंभीर नुकसान हो सकता है। हाई ब्लड शुगर यानी हाइपरग्लाइसीमिया कई बार शरीर में ऐसे संकेत देता है जिन्हें हम मामूली समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन यही लापरवाही आगे चलकर डायबिटीज या अन्य गंभीर बीमारियों में बदल सकती है।
थकान और चक्कर आना है बड़ा संकेत
अगर आप सुबह उठते ही थकान महसूस करते हैं या बिना किसी मेहनत के भी कमजोरी महसूस होती है तो यह ब्लड शुगर बढ़ने का संकेत हो सकता है। दरअसल जब शरीर में ग्लूकोज का स्तर संतुलन में नहीं रहता तो एनर्जी लेवल पर भी असर पड़ता है। इसकी वजह से चक्कर आना या हर समय थकान का अहसास हो सकता है। इस संकेत को हल्के में नहीं लेना चाहिए।

बार-बार प्यास लगना और मुंह सूखना
सुबह-सुबह अत्यधिक प्यास लगना और मुंह का सूखना भी हाई ब्लड शुगर का सीधा संकेत हो सकता है। जब शरीर में शुगर की मात्रा अधिक हो जाती है तो शरीर ज्यादा पानी मांगता है जिससे यह लक्षण सामने आते हैं। इसके साथ अगर सिर में हल्का दर्द भी बना रहता है तो यह स्थिति और भी चिंता का कारण बन सकती है। ऐसे में पानी पीते रहना और शुगर की जांच करवाना जरूरी है।
आंखों की रोशनी पर भी पड़ता है असर
ब्लड शुगर का असर केवल ऊर्जा या प्यास तक ही सीमित नहीं रहता बल्कि यह आपकी आंखों की रोशनी को भी प्रभावित कर सकता है। यदि आपकी नजर अचानक से धुंधली होने लगे या आंखों में जलन और भारीपन महसूस हो तो यह हाई शुगर का संकेत हो सकता है। कुछ मामलों में आंखों की रोशनी स्थायी रूप से कमजोर भी हो सकती है यदि समय पर इलाज न किया जाए।
लक्षण दिखें तो तुरंत जांच कराएं
अगर ऊपर बताए गए लक्षण एक साथ या अलग-अलग रूप में दिखने लगें तो इन्हें नजरअंदाज न करें। यह हाई ब्लड शुगर का प्रारंभिक चेतावनी संकेत हो सकता है। समय रहते ब्लड टेस्ट कराना और डॉक्टर से सलाह लेना आपको बड़ी परेशानी से बचा सकता है। खानपान में सुधार और नियमित व्यायाम से भी ब्लड शुगर को नियंत्रित रखा जा सकता है।


