MP News: मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में वीआईटी यूनिवर्सिटी के छात्रों के साथ एक दुखद हादसा हो गया। वे खिवनी अभ्यारण्य स्थित भैरुखा जलप्रपात की सैर पर आए थे। लेकिन सेल्फी लेने की कोशिश में दो छात्रों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि पानी के तेज बहाव के कारण वे बह गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। ये हादसा राजधानी भोपाल से लगभग 50 किलोमीटर दूर हुआ।
पांच दोस्त गए थे पिकनिक पर, दो नहीं लौटे
वीआईटी यूनिवर्सिटी कोठारी के पांच छात्र पिकनिक के लिए भैरुखा वॉटरफॉल गए थे। इन छात्रों में हेमंत और सीमुख नाम के दो युवक सेल्फी लेने के लिए जलप्रपात के करीब गए थे। अचानक हेमंत फिसल कर पानी में गिर गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए सीमुख भी पानी में कूदा लेकिन वह भी तेज बहाव में बह गया। दोनों की जान नहीं बच सकी।

देर रात तक नहीं हुआ रेस्क्यू, अगली सुबह निकले शव
हादसे की जानकारी मिलते ही इछावर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन रात अधिक होने की वजह से रेस्क्यू कार्य में दिक्कत आई। इसलिए तुरंत छात्रों के शव नहीं मिल सके। अगली सुबह एसडीआरएफ की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया और दोनों छात्रों के शव बरामद किए। इस हादसे से पूरे इलाके में शोक का माहौल बन गया।
छात्र गुजरात और आंध्रप्रदेश से थे, सुरक्षा पर सवाल
हादसे में जान गंवाने वाले छात्र गुजरात और आंध्रप्रदेश के बताए जा रहे हैं। सभी वीआईटी यूनिवर्सिटी के विद्यार्थी थे। इस घटना के बाद वन विभाग की टीम को सुरक्षा के लिए जलप्रपात के पास तैनात कर दिया गया है। अब यह सवाल उठ रहा है कि ऐसे खतरनाक जगहों पर बिना सुरक्षा इंतजाम के छात्रों को जाने की अनुमति क्यों दी जाती है।
इछावर पुलिस और एसडीआरएफ जुटे राहत कार्य में
इछावर थाना प्रभारी ने बताया कि हेमंत और सीमुख की मौत का मामला भैरुखा जलप्रपात से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि घटना के बाद से ही एसडीआरएफ की टीम बचाव कार्य में लगी हुई थी। पांच में से तीन छात्र सुरक्षित हैं और फिलहाल इछावर थाना में मौजूद हैं। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


