MP News: भारी बारिश से मध्यप्रदेश में बाढ़ जैसे हालात! मुख्यमंत्री ने किया राहत कार्यों का जायज़ा

MP News: मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में हुई भारी बारिश के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को होमगार्ड मुख्यालय में एक अहम समीक्षा बैठक की। इस बैठक में मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (DGP) भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि अब तक 2,900 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है और सभी प्रभावित जिलों में हर संभव सहायता पहुंचाई जा रही है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि राहत और बचाव कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 प्रशासन को दिए कपड़े, खाना और इलाज की व्यवस्था के निर्देश

मुख्यमंत्री यादव ने बताया कि उन्होंने राज्य कमांड सेंटर से स्थिति का जायजा लिया और बचावकर्मियों व बाढ़ से निकाले गए लोगों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की आपात स्थिति में प्रशासन की हिम्मत की असली परीक्षा होती है। उन्होंने सभी जिलों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि राहत शिविरों में लोगों के लिए कपड़े, भोजन, दवाइयां और ठहरने की समुचित व्यवस्था की जाए ताकि किसी को कोई तकलीफ न हो।

कई जिलों में स्थिति गंभीर, 2900 लोगों को निकाला गया सुरक्षित

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुरैना, दमोह, रायसेन, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, सागर, विदिशा सहित कई जिलों में भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। इन जिलों से करीब 2900 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि घबराएं नहीं और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित करें। आने वाले 2 से 4 दिनों तक इसी तरह के मौसम की संभावना जताई गई है इसलिए पूरे राज्य में अलर्ट जारी किया गया है।

हेलिकॉप्टर सेवा के लिए रक्षा मंत्रालय से मदद की मांग

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि दो ज़िलों में हेलिकॉप्टर सेवा की आवश्यकता को देखते हुए केंद्र सरकार के रक्षा मंत्रालय से सहायता मांगी गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही हेलिकॉप्टर सेवाएं उपलब्ध हो जाएंगी। साथ ही उन्होंने बताया कि लखनऊ से आई बचाव टीम अशोकनगर में लगातार काम कर रही है। राज्य सरकार हर जरूरी संसाधन जुटा रही है ताकि राहत कार्य तेज़ी से हो सकें।

शिवपुरी और गुना में सेना तैनात, कई जिलों में राहत कार्य जारी

शिवपुरी जिले में भारी बारिश के चलते कई लोग फंसे हुए हैं जिनमें स्कूली बच्चे भी शामिल हैं। प्रशासन ने हालात की गंभीरता को देखते हुए सेना को बुला लिया है। गुना जिले में एक पुलिया टूट गई है जिससे बाढ़ की स्थिति और बिगड़ गई है। गुना के कई गांवों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। इसके अलावा डिंडोरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, अलीराजपुर, राजगढ़ और बैतूल जैसे जिलों में भी राहत और बचाव कार्य तेज़ी से चल रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए संबंधित जिलों के कलेक्टरों को तत्काल सहायता के निर्देश दिए हैं।

लेटेस्ट न्यूज़
- Advertisment -

धार्मिक

error: Content is protected !!