MP News: शिवपुरी बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री मोहन यादव, राहत कार्यों का लिया जायजा

MP News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को शिवपुरी जिले के पचावली गांव पहुंचकर हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और प्रभावित परिवारों को मकान क्षति और खाद्यान्न की सहायता भी प्रदान की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर स्थिति में पीड़ितों के साथ खड़ी है।

राहत कार्यों की निगरानी और सहयोग का भरोसा

मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, कोलारस विधायक महेन्द्र सिंह यादव समेत कई जनप्रतिनिधि, कलेक्टर रवींद्र कुमार चौधरी और पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौर भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि राहत राशि सीधे प्रभावित परिवारों के खातों में जमा की जाएगी।

MP News: शिवपुरी बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री मोहन यादव, राहत कार्यों का लिया जायजा

भारी बारिश को बताया परीक्षा की घड़ी

मुख्यमंत्री ने कहा कि अत्यधिक वर्षा के कारण उत्पन्न परिस्थितियां सरकार के लिए एक “परीक्षा की घड़ी” हैं। प्रशासन और जनता के सहयोग से स्थिति पर नियंत्रण पाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़ितों के दुख की इस घड़ी में सरकार पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है और राहत कार्य लगातार जारी रहेंगे।

सिंधिया बोले – हर मुश्किल में साथ हैं हम

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि इस बार औसत से अधिक बारिश हुई है, जिससे सिंध नदी का जलस्तर बढ़ गया और पचावली समेत 32 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए। उन्होंने बताया कि राहत कार्यों के लिए ग्वालियर से दो हेलीकॉप्टर भेजे गए थे, लेकिन खराब मौसम के कारण वे नहीं पहुंच सके। फिर भी प्रशासन ने मिलकर करीब 400 लोगों की जान बचाई और उन्हें तत्काल वित्तीय सहायता दी गई।

फसल नुकसान पर मिलेगा मुआवजा

बाढ़ के कारण मक्का और सोयाबीन की फसलों को भी भारी नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित किसानों को तुरंत मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। राहत कार्यों की सतत समीक्षा की जा रही है और हर जरूरतमंद तक सहायता पहुंचाने का प्रयास जारी है।

लेटेस्ट न्यूज़
- Advertisment -

धार्मिक

error: Content is protected !!