MP News: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों से “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता” अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने तिरंगे के साथ अपनी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की, जो तेजी से वायरल हो गई। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को भारत माता के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए और स्वतंत्रता उत्सव में भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आरंभ किए गए “हर घर तिरंगा” पहल की निरंतरता है।
तीन चरणों में चलेगा व्यापक अभियान
यह अभियान तीन चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में 2 से 8 अगस्त तक विभिन्न सार्वजनिक कार्यक्रम और चर्चाएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें तिरंगे से प्रेरित कला प्रदर्शन, रंगोली, राखी निर्माण, झंडा बुनाई, क्विज प्रतियोगिता, तिरंगा सजावट और सैनिकों को पत्र लेखन जैसी गतिविधियां शामिल हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य राष्ट्रभक्ति की भावना को जागृत करना और लोगों को तिरंगे के प्रति गर्व से भर देना है।

तिरंगा यात्रा और मेलों से बढ़ेगा जनउत्साह
अभियान के दूसरे चरण में 9 से 12 अगस्त तक जनसंपर्क और जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए तिरंगा मेला, तिरंगा कंसर्ट, बाइक रैली, मानव श्रृंखला, तिरंगा गीत जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस चरण में जनभागीदारी को सबसे अधिक प्राथमिकता दी गई है, ताकि हर व्यक्ति तक यह संदेश पहुंचे कि तिरंगा केवल झंडा नहीं, हमारी पहचान है।
13 से 15 अगस्त: तिरंगा हर घर, गली और वाहन पर
अभियान के अंतिम चरण में 13 से 15 अगस्त तक हर घर, कार्यालय, वाहन, सार्वजनिक स्थल पर तिरंगे की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। लोग तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर http://harghartiranga.com पर अपलोड कर सकते हैं। साथ ही मंत्रालय को रिपोर्टिंग और दृश्य रिकॉर्डिंग के माध्यम से यह दिखाया जाएगा कि कैसे मध्यप्रदेश तिरंगे के रंग में रंग गया है।
स्वच्छता और जल संरक्षण से भी जुड़ा यह अभियान
यह अभियान केवल राष्ट्रप्रेम तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन की भी अहम भूमिका है। गांवों और पंचायतों में स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण, अमृत सरोवरों की सफाई, सार्वजनिक स्थानों की सजावट और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है। स्वयंसेवी संस्थाएं, पंचायतें, स्कूल और आम नागरिक इस आंदोलन के वाहक बन रहे हैं।


