MP News: हरिद्वार के प्रसिद्ध पतंजलि योगपीठ में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने योग का अभ्यास किया। इस अवसर पर योग गुरु स्वामी रामदेव भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पतंजलि के कंया गुरुकुल का वातावरण जिसमें संस्कार, आध्यात्मिक साधना और आंतरिक शक्ति झलकती है, ने उनके मन को गहरी शांति और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया। इस योगाभ्यास के बाद डॉ. मोहन यादव ने हरिद्वार स्थित भारत माता मंदिर का भी दौरा किया और भारत माता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
योग अब एक वैश्विक जन आंदोलन बन चुका है: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग अब केवल भारत तक सीमित नहीं रहा। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में योग ने भारत की प्राचीन जीवन शैली से निकलकर एक वैश्विक जन आंदोलन का रूप ले लिया है। डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश और देश के लोगों से अपील की कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाएं। योग के माध्यम से वे एक स्वस्थ, संतुलित और ऊर्जा से भरपूर जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।

योग से मिलता है शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का समन्वय
डॉ. मोहन यादव ने आगे कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को मजबूत करता है, बल्कि मानसिक शांति, आंतरिक शक्ति और जीवन में संतुलन भी प्रदान करता है। योग की यह समग्र शक्ति ही इसे आज विश्व में इतना लोकप्रिय बना रही है। उन्होंने लोगों को नियमित योगाभ्यास करने की सलाह दी ताकि वे तनाव, चिंता और अन्य बीमारियों से दूर रह सकें और जीवन को खुशहाल बना सकें।
आध्यात्मिक ऊर्जा से भरपूर था हरिद्वार का दौरा
मुख्यमंत्री का कहना था कि हरिद्वार जैसे आध्यात्मिक स्थल पर योगाभ्यास का अनुभव और भी गहरा होता है। पतंजलि योगपीठ और भारत माता मंदिर में दर्शन-पूजन के दौरान उन्हें बहुत आंतरिक सुकून और प्रेरणा मिली। उन्होंने कहा कि इस तरह के अनुभव हमें हमारे सांस्कृतिक और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ते हैं और जीवन में नई ऊर्जा भर देते हैं।


