MP News: उज्जैन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए 10 फरवरी से महत्वपूर्ण बदलाव लागू किए जाएंगे। रेलवे प्रशासन ने यहां आने-जाने वाली 31 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदल दिए हैं। नई व्यवस्था के तहत सात ट्रेनों को अब प्लेटफॉर्म नंबर आठ से चलाया जाएगा, जबकि चार ट्रेनों को प्लेटफॉर्म नंबर सात पर शिफ्ट किया गया है। यह बदलाव खासकर श्री महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के लिए सबसे अधिक प्रभावित करेगा। नए प्लेटफॉर्म पर आने के बाद यात्रियों को स्टेशन के मुख्य भाग और इंदौर गेट तक लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी, जहां लिफ्ट और एस्केलेटर की सुविधा नहीं है। बुजुर्ग, महिलाएं और भारी सामान लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को इस बदलाव से काफी परेशानी हो सकती है।
रेलवे प्रशासन ने बताई बदलाव की वजह
रतलाम डिवीजन के पीआरओ मुकेश कुमार के अनुसार यह बदलाव यात्रियों की सुविधा, बेहतर भीड़ प्रबंधन और सभी प्लेटफॉर्म के समान उपयोग को ध्यान में रखकर किया गया है। प्लेटफॉर्म नंबर एक पर यात्रियों का दबाव लगातार बढ़ रहा था, जिसे कम करने के लिए यह कदम उठाया गया है। रेलवे का दावा है कि नए व्यवस्था से स्टेशन का संचालन और भी सुगम होगा और यात्रियों को प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में आसानी होगी। हालांकि इस व्यवस्था से स्टेशन पर आने वाले श्रद्धालुओं को लंबी दूरी तय करनी पड़ सकती है, जो खासकर बुजुर्ग और अन्य कमजोर वर्ग के लिए चुनौतीपूर्ण होगा।

महाकाल मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को होगी परेशानी
उज्जैन स्टेशन पर प्रतिदिन लगभग 76 यात्री ट्रेनें आती-जाती हैं, जिनमें से कई ट्रेनें महाकालेश्वर मंदिर के भक्तों को लेकर आती हैं। नए प्लेटफॉर्म बदलाव के बाद यात्रियों को प्लेटफॉर्म सात और आठ से प्लेटफॉर्म नंबर एक तक पैदल लंबा सफर तय करना होगा, जिससे भारी भीड़ और अव्यवस्था की संभावना बढ़ गई है। खासतौर पर मंदिर के भक्त, जो भारी संख्या में स्टेशन पहुंचते हैं, उन्हें इस बदलाव का सीधा असर महसूस होगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से सजग रहने और अपने ट्रेनों के प्लेटफॉर्म की जानकारी पहले से जांच लेने की अपील की है ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रमुख ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में बड़े बदलाव
नए व्यवस्था में कई प्रमुख ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदले गए हैं। इंदौर शहीद कैप्टन तुषार महाजन सुपरफास्ट एक्सप्रेस अब प्लेटफॉर्म पांच से चलेगी, जबकि पहले यह छह पर आती थी। कामाख्या-डॉ. अम्बेडकर नगर एक्सप्रेस भी पांच नंबर प्लेटफॉर्म पर आएगी। नागपुर-इंदौर सुपरफास्ट एक्सप्रेस और प्रयागराज-डॉ. अम्बेडकर नगर एक्सप्रेस अब छह नंबर प्लेटफॉर्म से चलेगी। गंधीधाम-इंदौर सुपरफास्ट एक्सप्रेस, इंदौर-मुम्बई सेंट्रल एक्सप्रेस, इंदौर-दौंड एक्सप्रेस और इंदौर-आसरवा एक्सप्रेस को भी नए प्लेटफॉर्म मिले हैं। इसके अलावा मनारगुड़ी-जोधपुर, मदुरै-बीकानेर, ग्वालियर-दौंड, और तिरुवनंतपुरम-इंदौर जैसी सुपरफास्ट और एक्सप्रेस ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में भी बदलाव हुआ है। साथ ही 12 पैसेंजर और मेमू ट्रेनों के भी नए प्लेटफॉर्म निर्धारित किए गए हैं।


