MP News: इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में एक एमबीए छात्रा की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। अंकल गली स्थित एक फ्लैट से चार दिन बाद युवती का शव नग्न अवस्था में बरामद हुआ। बदबू आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू की और आरोपी पियूष धामनोदिया को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना का पूरा खुलासा किया और बताया कि वह और मृतका लंबे समय से प्रेम संबंध में थे।
विवाद और हत्या की भयावह कहानी
डीसीपी कृष्ण लाल चांदनी ने बताया कि जिस फ्लैट में शव मिला, वह पियूष ने किराए पर लिया था। घटना वाले दिन दोनों विवाह और निजी संबंधों को लेकर फ्लैट पहुंचे थे। प्रारंभ में शारीरिक संबंध बने, लेकिन बाद में शादी को लेकर विवाद और शक ने आग में घी का काम किया। गुस्से में आकर पियूष ने युवती का गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोप है कि उसने युवती को रस्सी से बांधा, बियर पिलाई और फिर शव के पास समय बिताया। इसके साथ ही आरोपी ने फिजिकल संबंध का वीडियो भी बनाया और कॉलेज ग्रुप में शेयर किया।

फरारी और तंत्र क्रिया का रहस्य
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी पियूष इंदौर से भागकर महाराष्ट्र के पनवेल पहुंचा। वहां उसने एक होटल में रात बिताई और खुले मैदान में प्रेमिका की आत्मा से बात करने के लिए इंटरनेट से सीखी तंत्र क्रिया करने का प्रयास किया। इसके बाद वह मुंबई पहुंचा और लोकल ट्रेनों में सफर करता रहा। इस दौरान उसने मृतका का मोबाइल अपने पास रखा, जिसे बाद में नष्ट कर दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को शक था कि युवती अन्य लड़कों से मोबाइल ऐप के जरिए बातचीत करती थी, जो दोनों के बीच विवाद और हिंसा का कारण बना।
पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई
द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में अंकल गली के फ्लैट में शव मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पिता ने गुमशुदगी की रिपोर्ट 11 फरवरी को दर्ज कराई थी। पुलिस ने गुमशुदगी, घटनास्थल और डिजिटल साक्ष्यों की जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ जारी है। पुलिस फॉरेंसिक रिपोर्ट, कॉल डिटेल्स और डिजिटल सबूतों के आधार पर पूरे मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है और न्याय सुनिश्चित करने में जुटी है।


