MP News: मध्यप्रदेश के कटनी जिले से एक अनोखा और हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। ढीमरखेड़ा तहसील के सडार इलाके के जंगल में एक बाघ को प्राचीन शिवलिंग पर सिर रगड़ते हुए देखा गया। यह दुर्लभ दृश्य स्थानीय लोगों के लिए आस्था का प्रतीक बन गया है और सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। वीडियो में बाघ शांत स्वभाव से शिवलिंग के पास जाकर काफी समय तक अपना सिर और जीभ रगड़ता दिख रहा है।
ग्रामीणों की आस्था और वन विभाग की चेतावनी
स्थानीय ग्रामीण इस घटना को भगवान शिव के प्रति बाघ की भक्ति और चमत्कार के रूप में देख रहे हैं। उनका मानना है कि बाघ की यह हरकत शिवलिंग की पवित्रता और शक्ति का प्रतीक है। वहीं, वन विभाग ने इस घटना को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझाया। अधिकारियों का कहना है कि जंगली जानवर अक्सर अपनी गंध छोड़ने या शरीर की खुजली मिटाने के लिए पेड़ों, पत्थरों और ठोस वस्तुओं पर अपना सिर रगड़ते हैं। यह बाघ की प्राकृतिक प्रवृत्ति है, न कि कोई चमत्कार।

बाघ की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत
हालांकि यह वीडियो लोगों के लिए आस्था का कारण बन गया है, वहीं इंसानी बस्तियों के इतनी करीब बाघ की मौजूदगी ने इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। सडार और आसपास के जंगलों में वन्य प्राणियों का मूवमेंट लगातार देखा जा रहा है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगल की ओर जाने से बचने की चेतावनी दी गई है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए लोगों को सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
पान उमरिया रेंज के अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि बाघ का यह मूवमेंट सडार गांव से महज 400 मीटर की दूरी पर देखा गया। सुरक्षा के लिए वन विभाग की गश्ती टीम लगातार बाघ पर नजर रख रही है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से आग्रह किया है कि वे जंगल में अकेले न जाएं और बच्चों को भी सतर्क रखें। वन विभाग ने यह सुनिश्चित किया है कि किसी भी संभावित खतरे से पहले सावधानी बरतकर सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।


