MP News: मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक हलचल मचा दी है। कहा जाता है कि जैसे-जैसे राजनीतिक कद बढ़ता है, जमीन से जुड़े रहना उतना ही मुश्किल हो जाता है। कुछ ऐसा ही वाकया बिजावर विधानसभा क्षेत्र के खैरा गांव में देखने को मिला। हाल ही में नियुक्त किए गए बीजेपी जिला उपाध्यक्ष राम मनोहर तिवारी पहली बार पद संभालने के बाद अपने गांव पहुंचे थे। गांव में उनका जोरदार स्वागत किया जा रहा था, लेकिन स्वागत समारोह के दौरान अचानक हुई एक घटना ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
स्वागत जुलूस के बीच नाले में गिरे नेता
जानकारी के मुताबिक, राम मनोहर तिवारी पदभार संभालने के बाद आशीर्वाद लेने खैरा गांव पहुंचे थे। समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच वह आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहे थे। लेकिन इसी दौरान अचानक उनका पैर खुले नाले में जा फंसा और वह सीधे नाले में गिर पड़े। यह सब इतनी तेजी से हुआ कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए। बाद में समर्थकों ने उन्हें नाले से बाहर निकाला। इस दौरान उनके कपड़े भी गंदे हो गए और माहौल में अफरा-तफरी मच गई।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस पूरी घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इलाके में इस वीडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे महज एक दुर्घटना बता रहे हैं, तो कुछ लोग इसे प्रतीकात्मक रूप में देख रहे हैं। स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि पद संभालते ही उपाध्यक्ष ने गांव की सड़कों और नालों की जमीनी हकीकत को नजदीक से देख लिया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि स्वागत जुलूस के बीच सुरक्षा और साफ-सफाई की व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया था।
विकास और व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना ने गांव में बुनियादी सुविधाओं और साफ-सफाई को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। खुले नाले और असुरक्षित रास्ते न सिर्फ आम लोगों बल्कि जनप्रतिनिधियों के लिए भी खतरा बन सकते हैं। हालांकि राम मनोहर तिवारी की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन उनके समर्थक इसे एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा बता रहे हैं। वहीं विपक्षी दल इस वीडियो को लेकर तंज कस रहे हैं। फिलहाल यह घटना राजनीतिक चर्चा का विषय बनी हुई है और आने वाले दिनों में इसके और भी राजनीतिक मायने निकाले जा सकते हैं।


