MP News: मध्य प्रदेश के मंदसौर में 18 फरवरी को वांटेड आरोपी भय्यु लाला उर्फ वाहिद की संदिग्ध हत्या ने पूरे जिले में सनसनी मचा दी थी। पुलिस ने अब इस गुत्थी को सुलझाने का दावा किया है। जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी रुखसाना ने आपसी विवाद के चलते उसे गोली मारकर हत्या की थी। मामले में अन्य दो आरोपियों ने घटना के साक्ष्यों को छुपाने में उसकी मदद की। पुलिस ने सलमान खान और बबलु खान को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि रुखसाना फिलहाल फरार है।
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासे
एडिशनल एसपी गरोठ हेमलता कुरील ने बताया कि घटना के समय भय्यु लाला पुलिस के डर से पलंग की पेटी में छुपा था। दम घुटने से मौत की सूचना मिलने पर धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कायम किया गया और मामले की जांच शुरू हुई। पोस्टमार्टम जिला चिकित्सालय मंदसौर में डॉक्टरों के पैनल द्वारा किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि भय्यु लाला की मौत गोली लगने से हुई थी, जिससे रुखसाना द्वारा लगाए गए पुलिस मारपीट के आरोप झूठे साबित हुए।

सहयोगी आरोपियों ने छुपाए साक्ष्य
घटना के साक्ष्यों के आधार पर अपराध क्रमांक 83/2026 के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ के पर्यवेक्षण में एसआईटी टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर मौजूद संदिग्धों से कड़ी पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि हत्या की घटना रुखसाना द्वारा की गई थी और सलमान खान व बबलु खान ने साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ कर उन्हें छुपाने का प्रयास किया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अवैध पिस्टल बरामद कर ली है। गिरफ्तार सलमान खान और बबलु खान को न्यायालय में पेश किया जाएगा। रुखसाना फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी साक्ष्यों और आरोपियों की पहचान की गई है। इस जांच से यह स्पष्ट हुआ कि परिवारिक विवाद और आपसी तनाव हत्या का मुख्य कारण था।


