MP News: इंदौर में आर्मी मेजर की कार से हादसा, गुस्साई मां ने सड़क पर की पिटाई

MP News: मध्य प्रदेश के इंदौर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। महू ग्रामीण क्षेत्र में इंदौर-महू रोड पर एक आर्मी मेजर की कार अनियंत्रित होकर चार से पांच वाहनों से जा टकराई। हादसे में एक मासूम बच्चे समेत तीन लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार तेज थी और अचानक नियंत्रण खोने के बाद उसने आगे चल रहे वाहनों को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग तुरंत घायलों की मदद के लिए दौड़ पड़े। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घायल बच्चे की मां का फूटा गुस्सा, चप्पलों से की पिटाई

हादसे के बाद माहौल अचानक गरमा गया। घायल बच्चे की मां गुस्से में आपा खो बैठीं और उन्होंने मौके पर ही आर्मी मेजर की चप्पलों और लात-घूंसों से पिटाई कर दी। वहां मौजूद अन्य लोगों ने भी मेजर को धक्का-मुक्की की। इस पूरी घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला लगातार मेजर पर चप्पल बरसा रही है और आसपास भीड़ जमा है। घटना के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया और इंदौर-महू मार्ग पर यातायात कई घंटों तक बाधित रहा।

MP News: इंदौर में आर्मी मेजर की कार से हादसा, गुस्साई मां ने सड़क पर की पिटाई

पुलिस ने वाहन जब्त किया, कानूनी कार्रवाई शुरू

सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। थाना प्रभारी राहुल शर्मा ने बताया कि मेजर की कार को जब्त कर लिया गया है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है, जिसमें यह भी देखा जा रहा है कि वाहन तेज रफ्तार में था या तकनीकी खराबी की वजह से अनियंत्रित हुआ। बताया जा रहा है कि आर्मी मेजर ने भी इस घटना की जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी है। फिलहाल पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और वायरल वीडियो के आधार पर आगे की जांच कर रही है।

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस, कानून हाथ में लेने पर सवाल

यह घटना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। कई लोग सड़क पर इस तरह आर्मी अधिकारी की पिटाई को सेना का अपमान बता रहे हैं, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि दुर्घटना में घायल हुए बच्चे के कारण मां का गुस्सा स्वाभाविक था। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि किसी भी परिस्थिति में कानून हाथ में लेना उचित नहीं है। अगर कोई हादसा होता है तो उसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया अपनानी चाहिए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई की बात कह रही है।

लेटेस्ट न्यूज़
- Advertisment -

धार्मिक

error: Content is protected !!