MP News: शिकायत पर कार्रवाई न होने से भड़का युवक, अधिकारी को दी जान से मारने की धमकी

MP News: मध्य प्रदेश के भिंड जिले की गोहद नगर पालिका में उस समय अफरा तफरी मच गई जब वार्ड नंबर 16 की पार्षद राजाबेटी के बेटे बल्लू समर ने बैठक कक्ष में जबरन प्रवेश कर हंगामा खड़ा कर दिया। बैठक के दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी महेश चंद्र जाटव अपने कर्मचारियों मुकेश चौरसिया, पपेंद्र जाटव और अन्य पार्षदों के साथ कार्य की समीक्षा कर रहे थे। इसी दौरान बल्लू समर अचानक अंदर पहुंचा और जोरदार बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि CMO के साथ धक्का मुक्की और मारपीट की नौबत आ गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

शिकायत पर कार्रवाई न होने से था नाराज

बताया जा रहा है कि बल्लू समर अपने वार्ड के निवासी अमर सिंह जाटव के खिलाफ दी गई शिकायत पर कार्रवाई न होने से नाराज था। इसके अलावा अधूरे निर्माण कार्य को रोके जाने और कर्मचारियों के वेतन भुगतान को लेकर भी वह आक्रोशित था। CMO ने उसे नियमों के अनुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया लेकिन वह शांत नहीं हुआ। आरोप है कि उसने बैठक में मौजूद अधिकारियों के सामने ही अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और माहौल को तनावपूर्ण बना दिया।

MP News: शिकायत पर कार्रवाई न होने से भड़का युवक, अधिकारी को दी जान से मारने की धमकी

कॉलर पकड़कर कुर्सी से गिराया, जान से मारने की धमकी

CMO महेश चंद्र जाटव के अनुसार आरोपी ने उनका कॉलर पकड़कर जोर से धक्का दिया जिससे वे कुर्सी से गिर पड़े। गिरने से उनके बाएं हाथ की कलाई में चोट आई और खून भी निकला। वहां मौजूद कर्मचारियों और पार्षदों ने बीच बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया। आरोप है कि जाते समय बल्लू समर ने CMO को जान से मारने की धमकी भी दी। इस पूरे घटनाक्रम ने नगर पालिका की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, राजनीति भी गरमाई

घटना के बाद CMO ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। वहीं मीडिया के सवालों पर क्षेत्रीय कांग्रेस विधायक केशव देसाई ने कहा कि मारपीट नहीं हुई बल्कि केवल बहस हुई थी। हालांकि जब वीडियो का जिक्र किया गया तो उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी को पता है कि दोषी कौन है। इस बयान के बाद मामला राजनीतिक रंग भी लेने लगा है।

लेटेस्ट न्यूज़
- Advertisment -

धार्मिक

error: Content is protected !!