MP News: मध्य प्रदेश के कटनी जिले में बाबा घाट के पास एक बड़ा रेल हादसा हुआ, जिसमें कोयले से भरी मालगाड़ी के कई वैगन अचानक पटरी से उतरकर पलट गए। जानकारी के अनुसार करीब 7 से 8 लोडेड वैगन दुर्घटनाग्रस्त हुए हैं। हादसा इतना गंभीर था कि रेलवे ट्रैक को भी भारी नुकसान पहुंचा और कई डिब्बों के पहिए पटरी से अलग हो गए। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और रेलवे प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। अप और डाउन दोनों दिशाओं में ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया।
छत्तीसगढ़ से बड़ोदरा जा रही थी मालगाड़ी
बताया गया है कि यह मालगाड़ी छत्तीसगढ़ से कोयला लेकर गुजरात के बड़ोदरा की ओर जा रही थी। कटनी जिले के बाबा घाट स्थित ए केबिन के पास पहुंचते ही अचानक कई वैगन पटरी से उतर गए और पलट गए। हादसे के कारण रेलवे ट्रैक के कई हिस्सों को गंभीर नुकसान हुआ है। कुछ जगहों पर पटरी उखड़ गई, जबकि कई डिब्बों के पहिए इधर-उधर बिखर गए। यह हादसा यातायात के लिए बड़ी चुनौती बन गया।

रेलवे अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारी और तकनीकी टीम तुरंत मौके पर पहुंचे। राहत और मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। ट्रैक को जल्द दुरुस्त करने और रेल यातायात को सामान्य करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। हादसे के कारण इस रूट से गुजरने वाली कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ और कुछ ट्रेनों को रोका गया या वैकल्पिक मार्ग से भेजा गया।
मौके पर पहुंचे संवाददाता लीलाधर जाटव के अनुसार, मालगाड़ी सामान्य गति से आगे बढ़ रही थी, तभी जोरदार आवाज के साथ कई डिब्बे पटरी से उतर गए और पलट गए। फिलहाल रेलवे की टीम गिरे हुए डिब्बों को हटाने और ट्रैक की मरम्मत में जुटी हुई है, ताकि जल्द से जल्द रेल यातायात बहाल किया जा सके। यात्रियों और स्थानीय लोगों में हादसे को लेकर भारी चिंता का माहौल है।


