MP Weather: भोपाल समेत कई शहरों में तेज गर्मी, मौसम विभाग ने दी सावधानी की सलाह

MP Weather: मध्यप्रदेश में मार्च के दूसरे सप्ताह में ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और कई शहरों में पारा 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार 13 मार्च की शाम 5:30 बजे तक के आंकड़ों में नर्मदापुरम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से लगभग 6.6 डिग्री अधिक है। वहीं मौसम विभाग ने 15 से 17 मार्च के बीच ग्वालियर चंबल जबलपुर रीवा और शहडोल संभाग के कुछ जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।

भोपाल में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दिया

राजधानी भोपाल में भी गर्मी का असर तेजी से महसूस होने लगा है। शुक्रवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से करीब 4.9 डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन के समय तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा है। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही भी कम दिखाई दे रही है। लोग गर्मी से बचने के लिए घरों में रहना ज्यादा सुरक्षित समझ रहे हैं।

कई शहरों में 38 से 39 डिग्री के पार पहुंचा पारा

प्रदेश के कई अन्य शहरों में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है। रतलाम में 39.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। धार और खजुराहो में 38.9 डिग्री तापमान रहा। वहीं खरगोन में 38.4 डिग्री और दमोह में 38.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। सागर में भी तापमान 38 डिग्री तक पहुंच गया। इसके अलावा इंदौर गुना ग्वालियर और उज्जैन जैसे बड़े शहरों में भी पारा 37 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है। इससे लोगों को दिन में तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने दी सावधानी की सलाह

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यदि अगले कुछ दिनों में कोई नई मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं होती है तो मार्च के अंत तक प्रदेश के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर पहुंच सकता है। फिलहाल हवा की दिशा उत्तर पूर्व से बदलकर पश्चिम और उत्तर पश्चिम हो गई है। हवा में नमी बहुत कम है और रेगिस्तानी इलाकों से आने वाली गर्म हवाएं तापमान को तेजी से बढ़ा रही हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर के समय तेज धूप से बचें। अधिक पानी पीएं और जरूरत होने पर ही घर से बाहर निकलें।

लेटेस्ट न्यूज़
- Advertisment -

धार्मिक

error: Content is protected !!