MP Weather: मध्यप्रदेश में इन दिनों मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। कई जिलों में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है, जबकि कुछ शहरों में हल्की गिरावट भी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिन यानी 16 और 17 मार्च को प्रदेश में तेज गर्मी का असर महसूस होगा। वहीं 18 और 19 मार्च को कई इलाकों में बारिश की संभावना बन रही है, जिससे कुछ राहत मिल सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ कमजोर, नई सिस्टम से बारिश की संभावना
रविवार को ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ का असर देखा गया था। कई जगह बादल छाए रहने से तापमान में करीब 1.7 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि यह सिस्टम अब कमजोर पड़ चुका है, इसलिए 16 और 17 मार्च को बारिश या बादलों का विशेष असर नहीं रहेगा। मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के अनुसार 17 मार्च की रात से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसका असर मध्यप्रदेश में 18 और 19 मार्च को बारिश के रूप में दिख सकता है।
कुछ शहरों में राहत, कुछ जगह गर्मी बरकरार
रविवार को ग्वालियर में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री, दतिया में 32.4 डिग्री, छिंदवाड़ा में 36 डिग्री, सिवनी में 35.6 डिग्री, मंडला में 37.2 डिग्री और बालाघाट में 35 डिग्री दर्ज किया गया। शाम तक बादल छाए रहने से तापमान में थोड़ी कमी महसूस हुई। नर्मदापुरम में पिछले कुछ दिनों से तेज गर्मी का असर था, लेकिन रविवार को तापमान घटकर 38.9 डिग्री तक आया। वहीं राजधानी भोपाल में 36.4 डिग्री, इंदौर में 35.5 डिग्री, उज्जैन में 35.5 डिग्री और जबलपुर में 35.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
मार्च में ही बदला गर्मी का ट्रेंड, अप्रैल-मई में बढ़ने का अनुमान
आमतौर पर मध्यप्रदेश में तेज गर्मी मार्च के दूसरे पखवाड़े के बाद बढ़ती है, लेकिन इस बार शुरुआत से ही तापमान तेजी से ऊपर चढ़ा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मार्च में ही गर्मी का ट्रेंड बदलता दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि अप्रैल और मई में प्रदेश में गर्मी और बढ़ सकती है। ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री के पार जाने की संभावना जताई गई है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में भी तेज गर्मी पड़ने का अनुमान है, जिससे लोगों को सावधान रहने की आवश्यकता है।


