MP News: रविवार को इंदौर के नेहरू स्टेडियम में कुछ अनोखा और मनोरंजक नजारा देखने को मिला। हजारों श्रद्धालुओं और दर्शकों के बीच कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर क्रिकेट के मैदान पर उतरे। हाथों में धर्मग्रंथ की बजाय बल्ला और गेंद थी। इस मैच का आयोजन युवाओं में सनातन संस्कारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सनातन क्रिकेट लीग के तहत किया गया। मैदान में कई पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर और फिल्मी सितारे भी चुनौती देने पहुंचे।
देवकीनंदन ठाकुर ने खेली अर्धशतकीय पारी
मैच में कथा वाचक देवकीनंदन ठाकुर ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने 25 गेंदों पर नौ चौके और चार छक्कों की मदद से 62 रन बनाए। उनके अलावा इंद्रेश महाराज ने पांच रन, चिन्मयानंद बापू ने चार रन और अर्पित दास ने छह रन जोड़े। इस पारी के दम पर महाराज एकादश ने लीजेंड एकादश को 10 विकेट से पराजित किया। मैच के दौरान स्टेडियम की रोशनी और दर्शकों का उत्साह पूरे खेल को खास बना रहा।
संत राघव और देवांश ने झटके महत्वपूर्ण विकेट
मैच में पहले बल्लेबाजी करने वाली लीजेंड इलेवन ने पांच ओवर में चार विकेट पर 89 रन बनाए। इस टीम में पीयूष चावला ने 38 रन, सुरेश रैना ने 20 रन और पंकज सिंह ने 12 रन बनाए। महाराज एकादश की ओर से संत राघव महाराज और देवांश महाराज ने दो-दो विकेट झटके और विपक्षी टीम की चुनौती को कम कर दिया। जवाब में महाराज इलेवन ने पांच ओवर में बिना किसी विकेट के 92 रन बनाकर मैच जीत लिया।
मैदान में उतरे ‘राम’ बने आकर्षण का केंद्र, स्टार्स ने बढ़ाया रोमांच
टीवी धारावाहिक ‘रामायण’ में भगवान राम का किरदार निभा चुके भाजपा सांसद अरुण गोविल इस मैच में महाराज एकादश का प्रतिनिधित्व करते हुए दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। उनकी टीम में अभि महाराज, राघव महाराज, देवांश महाराज, योगेश शर्मा, मनमोहन शर्मा और शुभम तिवारी शामिल थे। वहीं लीजेंड इलेवन में सुरेश रैना, पीयूष चावला, प्रवीण कुमार, मोहित शर्मा, सन्नी कटियाल, दीपक कपूर, पंकज सिंह, मदनलाल, मुकेश भाटीवाल, राबिन सिंह और मनिंदर सिंह शामिल थे। इस अनोखे क्रिकेट मुकाबले ने दर्शकों को मनोरंजन और आध्यात्मिक संदेश दोनों का अनुभव कराया।


