MP News: मध्य प्रदेश के शिवपुरी से एक हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस वीडियो में सेमरखेड़ी बैराड़ में पदस्थ शासकीय शिक्षक साकेत पुरोहित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री करते दिख रहे थे। वीडियो में उन्होंने बढ़ती गैस सिलेंडरों की कीमतों पर तंज किया था। वीडियो के वायरल होने के बाद यह मामला तुरंत प्रशासन तक पहुंच गया और इसे गंभीर अनुशासनहीनता माना गया।
कलेक्टर के निर्देश पर टीचर निलंबित
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कलेक्टर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव को दिए। जिला शिक्षा अधिकारी ने वीडियो का अवलोकन कर इसे शिक्षक की गंभीर अनुशासनहीनता माना। इसके आधार पर साकेत पुरोहित को निलंबित कर दिया गया। यह कार्रवाई शिक्षा विभाग की शैक्षणिक अनुशासन प्रक्रिया के तहत की गई।
वीडियो में गैस सिलेंडर पर व्यंग्य
वीडियो में साकेत पुरोहित ने एलपीजी गैस सिलेंडरों पर व्यंग्य किया और कहा कि गैस पर पकाया गया भोजन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। उन्होंने लोगों को चूल्हे पर खाना बनाने का सुझाव भी तंज के साथ दिया। उनका मकसद लोगों की परेशानियों को दर्शाना था, जो गैस की बढ़ती कीमतों और लंबी लाइनों की वजह से कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। हालांकि, जिला शिक्षा अधिकारी ने इसे अनुशासनहीनता के रूप में देखा।
आगे क्या होगा इस मामले में
टीचर द्वारा बनाया गया वीडियो देशभर में चर्चा का विषय बन गया है। कई लोगों ने इसे व्यंग्यपूर्ण अंदाज में देखा, वहीं प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया। अब यह देखना होगा कि शिक्षक साकेत पुरोहित को इस निलंबन से कोई राहत मिलती है या नहीं। आने वाले समय में इस मामले का अंतिम फैसला शिक्षा विभाग और प्रशासन की जांच रिपोर्ट के आधार पर ही स्पष्ट होगा।


